कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और पूर्व विधायक एम. पी. रेणुकाचार्य ने पार्टी विरोधी बयानों के आरोप में नोटिस के बाद साफ कर दिया है कि उन्हें पार्टी के किसी नोटिस का डर नहीं है। वह दक्षिण भारतीय सूबे (कर्नाटक) में चुनावी हार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे और बताएंगे कि वहां की क्या स्थिति है। वह बीजेपी चीफ जेपी नड्डा को बताएंगे कि हार के लिए कौन असल जिम्मेदार था।
शनिवार (एक जुलाई, 2023) को उन्होंने बताया, ‘‘उन्होंने मुझे नोटिस दिया, तो क्या मैं नोटिस से डरूंगा? नहीं... मुझे नोटिस मिलने के बाद अनुशासन समिति के अस्तित्व के बारे में पता चला। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 11 लोगों को नोटिस दिया गया है। आप रेणुकाचार्य को नोटिस देने की बात मीडिया में जारी करके सार्वजनिक कर देते हैं, लेकिन बाकी 10 लोगों को नोटिस देने के बारे में क्या?’’

MP Renukacharya
वह आगे पत्रकारों से दो टूक बोले, ‘‘मैं कर्नाटक की स्थिति के बारे में पीएम, शाह और नड्डा जैसे दिल्ली के नेताओं को पत्र लिखूंगा। अगर मुझे मौका मिला तो मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलूंगा और उन्हें बताऊंगा कि कर्नाटक में भाजपा की हार के कारण क्या हैं और इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं।’’
गुरुवार को रेणुकाचार्य ने बिना किसी का नाम लिए पार्टी नेताओं पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा कार्यालय को ‘‘कॉरपोरेट कार्यालय’’ में बदल दिया गया है। उन्होंने इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील को विधानसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने के लिए कहा था, जबकि खुद के कांग्रेस में शामिल होने की बात को झूठी बताया था।
दरअसल, कर्नाटक भाजपा ने गुरुवार को रेणुकाचार्य को उनकी ‘‘पार्टी विरोधी’’ टिप्पणी के लिए नोटिस जारी किया था। पार्टी की राज्य अनुशासन समिति की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का लिखित में जवाब देने के लिए उन्हें एक सप्ताह का समय दिया गया। (समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
