केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के नेता चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दुख है कि वो ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं, जहां लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही है, रेप और हत्या हो रहे हैं, अपहरण हो रहे हैं।
बिहार के अधिकारियों पर भड़के चिराग पासवान
बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि- मुझे दुख है कि मैं यहां ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं... जिस तरह से बिहार में एक के बाद एक हत्याएं, अपहरण, लूटपाट, डकैती, बलात्कार की घटनाएं हुई हैं और अब ऐसा लग रहा है जैसे प्रशासन इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह से असमर्थ है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हमारे राज्य में बेहद भयावह स्थिति पैदा हो जाएगी। मेरा भी मानना है कि सरकार को बदनाम करने की साजिश के तहत इन घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। लेकिन फिर भी इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। या तो प्रशासन की इसमें मिलीभगत है या फिर प्रशासन पूरी तरह से निकम्मा हो गया है और अब बिहार और बिहारियों को सुरक्षित रखना उनके बस से बाहर है। मैं बिहार सरकार से अनुरोध करता हूं कि इस मामले पर समय रहते कार्रवाई करें...।"
पहले भी दिखा चुके हैं आइना
बता दें कि चिराग पासवान हाल के दिनों में कई बार ऐसे बयान दे चुके हैं, जिससे राज्य और केंद्र में मौजूद एनडीए सरकार के सामने असहज स्थिति पैदा हो रही है। चिराग पासवान की पार्टी एनडीए के साथ केंद्र में भी है और राज्य में भी। इस बार भी वो बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
