देश

Delhi Blast : बदरपुर टोल से दिल्ली में दाखिल हुई I-20 कार, लाल किला पार्किंग से पहले इन जगहों पर देखी गई

पुलिस सूत्र ने कहा कि प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलता है कि दिल्ली में हुए विस्फोट का फरीदाबाद के आतंकवादी मॉड्यूल से संबंध हो सकता है, जहां से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया था। सूत्र ने कहा, 'अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।' पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में 'मास्क पहने हुए एक व्यक्ति' को कार चलाते हुए देखा जा सकता है।

Red Fort Blast

10 नवंबर को लाल किले के पास हुआ विस्फोट। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत

Red Fort Blast: लाल किले मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास जिस आई 20 कार में विस्फोट हुआ। वह आखिर दिल्ली और लाल किले तक कैसे पहुंची, दिल्ली पुलिस सहित जांच एजेंसियां इस गुत्थी को सुलझाने और इसकी कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक I-20 कार बदरपुर टोल प्लाजा से दिल्ली में दाखिल हुई। फिर यह कार ओखला इंडस्टियल एरिया होते हुए लाल किले तक पहुंची। इस कार को दरियागंज, कश्मीरी गेट और सुनेहरी मस्जिद के पास भी देखे जाने की बात कही जा रही है।

I20 कार की मूवमेंट (10 नवंबर 2025

सुबह 08:13 बजे

कार बदरपुर टोल बूथ से होते हुए दिल्ली में दाखिल हुई

सुबह 08:20 बजे

कार ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक पेट्रोल पंप पर दिखाई दी

दोपहर 03:19 बजे

कार लाल किला परिसर के पास स्थित पार्किंग एरिया में दाखिल हुई।

शाम 06 बजे

कार लाल किला पार्किंग एरिया से बाहर निकली (सटीक समय की जांच जारी है)

इसके अलावा I-20 कार को दरियागंज, कश्मीरी गेट और सुनेहरी मस्जिद के आसपास भी देखा गया।

सोमवार शाम को हुआ विस्फोट

दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि लाल किले के पास जिस कार में सोमवार शाम को विस्फोट हुआ, उसके चालक का कथित तौर पर फरीदाबाद आतंकवादी मॉड्यूल से संबंध था। सूत्रों के अनुसार पुलवामा का निवासी और पेशे से चिकित्सक उमर मोहम्मद कथित तौर पर वह आई-20 कार चला रहा था, जो लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पार्किंग क्षेत्र में हुए विस्फोट में इस्तेमाल हुई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, ईंधन तेल और डिटोनेटर का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

फरीदाबाद में 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त

पुलिस सूत्र ने कहा कि प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलता है कि दिल्ली में हुए विस्फोट का फरीदाबाद के आतंकवादी मॉड्यूल से संबंध हो सकता है, जहां से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया था। सूत्र ने कहा, 'अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।' पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में 'मास्क पहने हुए एक व्यक्ति' को कार चलाते हुए देखा जा सकता है। उसने कहा कि कई टीम को लाल किले और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के लिए तैनात किया गया है।

2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त

दिल्ली पुलिस सोमवार शाम को धीमी गति से चल रही कार में शक्तिशाली विस्फोट होने के बाद ‘हाई अलर्ट’ पर है। विस्फोट में कम से कम नौ लोग मारे गए, 20 लोग घायल हुए और कई वाहन जल गए। विस्फोट के कुछ घंटे पहले पुलिस ने तीन चिकित्सकों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर 'सफेदपोश' आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त करने का दावा किया था। पुलिस ने बताया कि फरीदाबाद में जब्त की गई विस्फोटक सामग्री में अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार विस्फोटक में 360 किलोग्राम ज्वलनशील सामग्री और कुछ हथियार व गोलियां भी जब्त की गईं। ज्वलनशील सामग्री को अमोनियम नाइट्रेट माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उमर मोहम्मद फरीदाबाद मॉड्यूल में शामिल एक और चिकित्सक था।

पुलवामा से एक व्यक्ति गिरफ्तार

सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के एक व्यक्ति तारिक को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसने कथित तौर पर उमर मोहम्मद को आई-20 कार दी थी। सूत्रों ने कहा कि अपने आतंकवादी मॉड्यूल के साथी चिकित्सकों की गिरफ्तारी के बाद उमर मोहम्मद ने डर के कारण यह आतंकवादी हमला किया, क्योंकि उसे भी गिरफ्तार होने का डर था। विस्फोट के बाद, राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी सीमा बिंदुओं पर वाहनों की जांच तेज की जा चुकी है। सूत्र ने कहा, 'हमें यह भी पता चला है कि विस्फोट से पहले, कार पास के एक पार्किंग स्थल में तीन घंटे तक खड़ी रही थी। विभिन्न पार्किंग स्थल के फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

लेटेस्ट न्यूज

अनुज मिश्रा
अनुज मिश्रा Author

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं।... और देखें

End of Article