Israel Hamas War: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के बाद हैदराबाद में भी हमास और फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन शुरू हो गया है। शुक्रवार को यहां कई छात्राएं फिलिस्तीन जिंदाबाद के नारे लगाते हुए सड़क पर उतर आईं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, गाजा पर बमबारी के लिए इजराइल की निंदा करते हुए छात्राओं ने नारे लगाए। वे शहर के मध्य में टैंक बंड के पास बी.आर. अंबेडकर प्रतिमा के पास एकत्र हुए।
इस दौरान छात्राएं एक तख्ती लिए हुए थीं, जिस पर लिखा था, 'फिलिस्तीन जिंदाबाद'। इसके बाद इसराइल मुर्दाबाद के नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस कर्मियों को प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहन में ले जाते देखा गया।
विरोध प्रदर्शन की नहीं दी गई थी अनुमति
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। बता दें, पिछले सप्ताह इजराइल और फिलिस्तीन के बीच शुरू हुए ताजा संघर्ष के बाद हैदराबाद में यह पहला विरोध प्रदर्शन था। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। 'एक्स' पर श्रीनिवास कोडाली ने लिखा, तेलंगाना में विरोध प्रदर्शन के लिए कम होती जगहें तेलंगाना में पुलिस अधिनायकवाद का संकेत है।
अब तक 1200 से ज्यादा इजराइली नागरिकों की मौत
बता दें, 7 अक्टूबर को हमास ने इजराइल पर हमला कर दिया था। हमास ने 20 मिनट के अंदर 3000 से ज्यादा रॉकेट इजराइल पर दागे थे। इजराइली डिफेंस फोर्स के मुताबिक, हमास द्वारा किए गए हमले में अब तक 1200 से ज्यादा इजराइली नागरिकों की मौत हो चुकी है और करीब 3000 से ज्यादा लोग घायल भी हैं। इस हमले के बाद इजराइल की आर से भी जंग का ऐलान कर दिया गया है। इजराइली फोर्सों ने गाजा पट्टी पर कब्जा जमाने का दावा किया है वहीं फलिस्तीन में भी अब तक करीब 900 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और करीब 4000 लोग घायल हुए हैं।
