Hyderabad Civil Court Bomb Threat: हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को ईमेल से मिली बम की धमकी के बाद हैदराबाद सिटी सिविल कोर्ट परिसर में तलाशी ली। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, शहर की सिविल कोर्ट को आज सुबह 3:15 बजे बम की धमकी वाला मेल मिला। अधिकारियों ने इसे सुबह 11 बजे देखा और हमें सूचित किया। बम निरोधक दस्ता और अन्य अधिकारी कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ले रहे हैं। अभी तक कुछ नहीं मिला है।
देश के अलग-अलग हिस्सों में दी जा रही धमकी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी जो बाद में फर्जी निकली। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। इसी तरह की एक घटना में 26 जून की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर बम की धमकी मिलने पर तुरंत आपातकालीन प्रतिक्रिया की गई, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि यह एक अफवाह थी। दिल्ली के टर्मिनल 3 पर सुबह 4:42 बजे एक क्रू मेंबर को एक पेपर मिला, जिस पर बम की धमकी लिखी थी। तलाशी के बाद, दिल्ली फायर सर्विस ने इसे एक अफवाह घोषित कर दिया। इससे पहले 22 अप्रैल को असम की राजधानी गुवाहाटी हाई कोर्ट को ईमेल के ज़रिए बम की धमकी मिली थी। 10 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी के दो प्रमुख स्थलों - लाल किला और जामा मस्जिद पर बम की धमकी मिली थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बम डिटेक्शन टीम (बीडीटी) और सीआईएसएफ ने दोनों जगहों पर गहन जांच की। हालांकि, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) ने कॉल को अफवाह घोषित कर दिया। इससे पहले, 7 फरवरी को दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के 400 से ज़्यादा स्कूलों को भेजी गई बम से उड़ाने की झूठी धमकियों पर कार्रवाई करते हुए धमकी भरे ईमेल भेजने वाले एक किशोर को गिरफ़्तार किया।
राष्ट्र की प्रगति को अस्थिर करने का काम भ्रष्ट मानसिकता वालों का: पीयूष गोयल
दिल्ली के स्कूलों में बम विस्फोट की कई झूठी धमकियों के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र की प्रगति को अस्थिर करने का काम भ्रष्ट मानसिकता वाले लोगों का है। गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र की प्रगति को अस्थिर करने के लिए इस तरह के प्रयास करना भ्रष्ट मानसिकता वाले लोगों का काम है। हमें भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहना होगा और हमें उनसे पूरी ताकत से लड़ना होगा।
