Humayun Kabir New Party: तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने सोमवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान किया। पार्टी का नाम जनता उन्नयन पार्टी है । बता दें कि हुमायु ने यह घोषणा मिर्जापुर से की। मिर्जापुर, बेलडांगा से नजदीक है। बेलडांगा वही इलाका है, जहां कबीर प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के निर्माण की योजना का दावा करते रहे हैं।
अपनी नई राजनीतिक पार्टी के गठन पर हुमायूं कबीर ने समाचार एजेंसी IANS से कहा, "मैं खुश हूं, मैं जनता को काम करने का एक नया संदेश दे रहा हूं। इसलिए, बंगाल के आम आदमी, जनता को, मैं सुबह का संदेश दूंगा। मेरा लक्ष्य आम आदमी के लिए काम करना है। इसे पूरा करने के लिए, मेरे सामने हर चुनौती आएगी। इसलिए, मैं उसका सामना करूंगा।"
पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के नाम भी होंगे घोषित
कबीर ने बताया है कि पार्टी की घोषणा के साथ ही वे इसके प्रमुख पदाधिकारियों और कुछ जिलों के अध्यक्षों के नाम भी सार्वजनिक करेंगे। उनका दावा है कि उनकी नई पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में 100 से अधिक सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
विधानसभा चुनाव पर नजर
हुमायूं कबीर ने कहा है कि उन्हें भरोसा है कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में सीटें जीतेगी और चुनाव के बाद राज्य में नई सरकार के गठन में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उनके मुताबिक, उनकी पार्टी सत्ता संतुलन को प्रभावित करने की स्थिति में होगी।
टीएमसी-बीजेपी के खिलाफ खोला मोर्चा
कबीर ने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा—दोनों के विरोधी राजनीतिक दलों से उनके साथ आने की अपील की है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनका उद्देश्य मौजूदा तृणमूल सरकार को हटाना है, लेकिन भाजपा को सत्ता में आने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
90 सीटों पर फोकस
कबीर ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य अल्पसंख्यक मतदाताओं को एकजुट करना है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी कम से कम 90 विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कबीर के मुताबिक, अगर यह लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो बेलडांगा में बाबरी मस्जिद स्थापित करने का उनका सपना अधूरा रह सकता है।
