कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi), दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के एक एडवाइजरी पर ऐसे भड़के कि चेतावनी तक दे डाली। राहुल गांधी ने पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी से सवाल पूछा कि आपकी हिम्मत कैसे हुई छात्रों से ऐसी बात कहने की। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि समय आएगा तो इसके लिए आपको जवाबदेह ठहराया जाएगा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के किस एडवाइजरी पर भड़के राहुल गांधी?
दरअसल जंतर-मंतर पर चल रहे नीट पेपर लीक के प्रदर्शन से जुड़ी हुई एक नसीहत नुमा आदेश दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर जारी की गई है। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने लिखा है....
छात्रों और संकाय सदस्यों के लिए सुरक्षा और अनुपालन निर्देश (Safety Advisory)
"प्रिय विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों,
आपकी सुरक्षा हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कृपया ध्यान दें कि जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर किसी भी प्रकार के अनधिकृत या गैर-कानूनी जमावड़े और विरोध-प्रदर्शन, जो माननीय सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court of India) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सख्त रूप से विनियमित हैं, पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसी गतिविधियों में शामिल होना छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है, साथ ही उनकी शैक्षणिक प्रगति और भविष्य के व्यावसायिक अवसरों को भी बुरी तरह प्रभावित कर सकता है।
तदनुसार, सभी छात्रों से पुरजोर अपील की जाती है कि वे जंतर-मंतर पर होने वाले ऐसे प्रदर्शनों से दूर रहें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और कानून का कड़ाई से पालन करें।
इसके अतिरिक्त, आप सभी को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है, क्योंकि स्थिति को भड़काने और गुमराह करने के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में फर्जी और भ्रामक सामग्री बनाई और प्रसारित की जा रही है। ऐसे किसी भी बहकावे में न आएं और केवल आधिकारिक जानकारियों पर ही विश्वास करें।"
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के इसी पोस्ट को एक्स पर शेयर करते हुए हमला बोला है। राहुल गांधी ने लिखा, "छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने से रोकने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? ध्यान रहे, समय आने पर आपको ही जवाबदेह ठहराया जाएगा।"
