देश

हिमंता 2.0 का आगाज, लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने सरमा, 4 मंत्रियों ने भी ली शपथ

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे। असम चुनाव में एनडीए को दो-तिहाई बहुमत से जीत मिली है। असम में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत है।

Image

असम के दूसरी बार सीएम बने हिमंता।

Himanta Sarma : हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सरमा के अलावा चार अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे। असम चुनाव में एनडीए को दो-तिहाई बहुमत से जीत मिली है। असम में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत है जबकि भाजपा अकेले 82 सीटों पर विजयी हुई है। सरमा लगातार दूसरी बार सीएम बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री हैं।

चार मंत्रियों ने ली शपथ

हिमंता के बाद राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और श्रीमती अजंता को मंत्री पद की शपथ दिलाई। आज असम सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही हिमंता सरमा ने नया इतिहास रचा है। वह असम के पहले गैर कांग्रेसी सीएम हैं जिन्होंने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड कायम किया है। हिमंता 2016 में बीजेपी में शामिल हुए थे और पार्टी को जबरदस्त जीत दिलाई थी। पांच साल बाद 2021 में अगले चुनाव में वह असम के सीएम बने।

असम में तीसरी बार बना भाजपा की सरकार

हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि असम में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। मैं असम की जनता के प्रति नतमस्तक हूं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, हिमंत बिस्वा सरमा पर इतना गहरा विश्वास जताया है। मुझे पूरा विश्वास है कि, जिस तरह पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में असम का कायाकल्प हुआ है, उसी तरह आने वाले ये पांच वर्ष राज्य के लिए और भी अधिक विकास के साक्षी बनेंगे; इसके अलावा, मेरा यह भी दृढ़ विश्वास है कि राष्ट्र की समग्र प्रगति में असम एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मां कामाख्या को प्रणाम करता हूं-हिमंता

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "मैं मां कामाख्या को प्रणाम करता हूं। मैं असम की जनता को बधाई देता हूं। सिर्फ असम ही नहीं, पश्चिम बंगाल में भाजपा की शानदार जीत में असम के भाजपा कार्यकर्ताओं का भी भरपूर सहयोग रहा। ओडिशा, बिहार, असम और सिक्किम पूर्वोत्तर के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। हिमंता जी मेरे बड़े भाई हैं और हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। मैं उनके काम करने के तरीके को देखकर बहुत कुछ सीखता हूं। वे बहुत ही सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं।" "जब से भाजपा असम और त्रिपुरा में सत्ता में आई है, घुसपैठियों की समस्या समाप्त हो गई है। बंगाल में एक ऐसी सरकार थी जिसने बीएसएफ को जमीन तक आवंटित नहीं की थी। घुसपैठियों के संबंध में असम द्वारा उठाए गए कदम पश्चिम बंगाल में भी उठाए जाएंगे।"

सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम में भाजपा के नेतृत्व वाली तीसरी एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा और अन्य भाजपा नेताओं ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जिसका नेतृत्व सरमा लगातार दूसरी बार करेंगे। वह शहर के खानापारा इलाके के कोइनाधोरा स्थित राज्य अतिथि गृह में रात बिताएंगे। सरमा के मुख्यमंत्री बनने के अलावा, चार और विधायक - भाजपा के दो और उसके सहयोगी एजीपी और बीपीएफ से एक-एक - शपथ लेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article