देश

हिमंता बिस्वा सरमा बोले-भारत में हैं कई हुसैन ओबामा, पहले हमें इनका 'बंदोबस्त' करना होगा

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 24, 2023, 07:26 AM IST

Himanta Biswa Sarma : असम पुलिस ने विभिन्न स्थानों की यात्रा की और यहां तक कि गिरफ्तारियां भी कीं। इनमें फरवरी में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को विमान से उतारना और उन्हें गिरफ्तार करना तथा पिछले साल गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी को गिरफ्तार करना शामिल है।

Image

भारत की मुस्लिमों की सुरक्षा पर ओबामा ने दिया है बयान।

Photo : ANI

Himanta Biswa Sarma : भारत में मुस्लिमों की सुरक्षा पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया के एक पोस्ट पर जिसमें यह कहा गया है कि क्या ओबामा को गिरफ्तार करने के लिए असम पुलिस जाएगी। सोशल मीडिया की इस अटकल पर सरमा ने शुक्रवार को दावा करते हुए कहा कि 'भारत में ही कई हुसैन ओबामा हैं और उनकी प्राथमिकता पहले इनसे निपटने की है।'

सरमा से पूछा-क्या असम पुलिस यूएस जाएगी?

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस अपनी प्राथमिकताओं के मुताबिक काम करेगी। एक बड़े पत्रकार का पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा नेता ने ट्विटर पर लिखा, 'भारत में ही कई हुसैन ओबामा हैं। वाशिंगटन जाने से पहले हमें पहले इनका बंदोबस्त करना चाहिए। असम पुलिस अपनी प्राथमिकताओं के मुताबिक काम करेगी।' ट्वीट में सरमा से पूछा गया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को गिरफ्तार करने क्या असम पुलिस यूएस जाएगी।

क्या ओबामा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है?

पत्रकार ने पूछा, 'क्या भावनाएं आहत करने पर ओबामा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है? ओबामा को किसी फ्लाइट से उतारने एवं उन्हें गिरफ्तार करने के लिए क्या असम पुलिस वाशिंगटन के लिए रवाना हो गई है?' बता दें कि देश के अलग-अलग हिस्सों में बयान देने वाले विपक्ष के नेताओं के खिलाफ असम में कई प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। पत्रकार का यह ट्वीट इसी बारे में था।

गिरफ्तार करने अलग-अलग राज्यों में पहुंची असम पुलिस

असम पुलिस ने विभिन्न स्थानों की यात्रा की और यहां तक कि गिरफ्तारियां भी कीं। इनमें फरवरी में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को विमान से उतारना और उन्हें गिरफ्तार करना तथा पिछले साल गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी को गिरफ्तार करना शामिल है।

ओबामा ने क्या कहा

गौरतलब है कि ओबामा ने गुरुवार को एक साक्षात्कार में कहा, 'यदि (अमेरिकी) राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी से मिलते हैं, तो हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का उल्लेख करना उचित है। अगर मेरी प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत हुई, जिन्हें मैं अच्छी तरह से जानता हूं, तो मेरे तर्क का एक हिस्सा यह होगा कि यदि आप भारत में जातीय अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा नहीं करते हैं, तो इस बात की प्रबल संभावना है कि भारत किसी बिंदु पर अलग-थलग होने लगेगा।’

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article