पंजाब कांग्रेस पर हाईकमान का कड़ा संदेश, नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं, 2027 में बिना सीएम चेहरे के चुनाव
- Authored by: रंजीता झा
- Updated Jan 22, 2026, 11:36 PM IST
कांग्रेस पहले ही यह संकेत दे चुकी है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बिना किसी मुख्यमंत्री चेहरे के लड़ा जाएगा और पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरेगी। वहीं संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भी दावा किया है कि पंजाब में कांग्रेस की जीत तय है।
पंजाब कांग्रेस पर हाईकमान का कड़ा संदेश, नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं, 2027 में बिना सीएम चेहरे के चुनाव
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ लगभग तीन घंटे तक चली पंजाब कांग्रेस की अहम बैठक के बाद पार्टी ने संगठन और आगामी चुनावों को लेकर तीन बड़े फैसले लिए हैं। बैठक के जरिए नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल प्रदेश इकाई में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा और अनुशासन सर्वोपरि रहेगा।
पंजाब कांग्रेस की कमान राजा वड़िंग के हाथों में ही रहेगी
बैठक के बाद यह साफ किया गया कि पंजाब कांग्रेस की कमान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के हाथों में ही रहेगी और प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की अटकलों पर विराम लगा दिया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि चुनाव बिना किसी मुख्यमंत्री चेहरे के लड़ा जाएगा और कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व के तहत जनता के बीच जाएगी। वहीं, मीडिया और सोशल मीडिया पर पार्टी से जुड़े मुद्दों पर बयानबाजी करने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का भी स्पष्ट संकेत दिया गया है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले ही पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज होती दिख रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के उस बयान से भी पार्टी असहज हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस SC/ST और OBC वर्ग को बड़े पद नहीं देती। सूत्रों के अनुसार, इस टिप्पणी से पार्टी आलाकमान नाराज था। दिल्ली में हुई बैठक में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सभी प्रदेश नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने का निर्देश दिया। नेतृत्व ने दो टूक कहा कि गुटबाजी और सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजा वड़िंग को बदलने की मांग उठती रही है
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को बदलने की मांग उठती रही है। कुछ नेताओं ने टिकट वितरण और संगठन को साथ लेकर न चल पाने जैसे आरोप लगाए थे, जिनकी शिकायतें हाईकमान तक पहुंची थीं। हालांकि, खड़गे के आवास पर हुई इस मंथन बैठक में नेतृत्व ने साफ कर दिया कि फिलहाल संगठन में कोई बदलाव नहीं होगा और अनुशासन तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खड़गे आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कांग्रेस पहले ही संकेत दे चुकी है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बिना मुख्यमंत्री चेहरे के लड़ा जाएगा और पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी। संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भी पंजाब में कांग्रेस की जीत को लेकर भरोसा जताया है। फिलहाल हाईकमान ने माहौल को शांत कर दिया है, लेकिन यह शांति कितने समय तक कायम रहती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।