देश

Hayli Gubbi Volcano: इथियोपिया में फूटे ज्वालामुखी का भारत तक असर, दिल्ली पहुंच सकती है राख; फ्लाइट सर्विस प्रभावित

Hayli Gubbi Volcano: इथियोपिया में सैकड़ों सालों से शांत पड़े हैली गुब्बी ज्वालामुखी में रविवार को जोरदार विस्फोट हुआ, विस्फोट इतना बड़ा हुआ है कि आकाश राख के बादलों से ढक गया है। हैली गुब्बी ज्वालामुखी विस्फोट का असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है और राख के कारण इंडिगो की एक फ्लाइट को बीच रास्ते से ही डायवर्ट करना पड़ गया।

Image

इथियोपिया में फूटे ज्वालामुखी से फ्लाइट सेवा पर असर (फोटो- AP)

Hayli Gubbi Volcano: इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट से उड़ान सेवाएं बाधित होने लगी हैं। इस ज्वालामुखी विस्फोट का असर भारत पर भी पड़ रहा है। ज्वालामुखी विस्फोट से उत्पन्न हुई राख के कारण केनूर से अबू धाबी जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बीच रास्ते से मोड़ना पड़ा और बाद में इसे रद्द कर दिया गया। इस उड़ान को अहमदाबाद में सुरक्षित उतार लिया गया है। इसके अलावा भी कई फ्लाइट्स के रद्द होने और डायवर्ट होने की खबर है।

भारत तक पहुंच जाएगा ज्वालामुखी का राख

इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट से उठी घनी राख सोमवार रात उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकती है। अनुमान है कि यह राख पहले गुजरात में प्रवेश करेगी और उसके बाद राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और पंजाब की ओर बढ़ेगी। इसके असर का दायरा बढ़ने के साथ भारतीय हवाई क्षेत्र में विमान संचालन पर भी प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है, और आने वाले घंटों में उड़ानों में और बाधाएं आने की संभावना जताई जा रही है। ज्वालामुखी विस्फोट से उठे बादलों में राख, सल्फर डाइऑक्साइड और चट्टानों के सूक्ष्म कण शामिल हैं, जो जमीन से लगभग 10 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई पर मंडरा रहे हैं। विभाग का कहना है कि इस स्थिति का सबसे सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ेगा।

DGCA ने जारी किया निर्देश

इथियोपिया के हैली गुबी ज्वालामुखी विस्फोट के बाद भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सभी एयरलाइनों और हवाई अड्डों को विस्तृत सलाह जारी की है। ज्वालामुखीय राख विमान के इंजनों और अन्य महत्वपूर्ण प्रणालियों के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है।

DGCA निर्देशों के तहत–

  • एयरलाइनों को प्रभावित हवाई क्षेत्र और ऊंचाई से तुरंत बचने के निर्देश
  • हवाई अड्डों को रनवे, टैक्सीवे और अन्य सतहों की जांच कर आवश्यक होने पर उड़ान संचालन रोकने के आदेश
  • वॉल्केनिक ऐश एडवाइजरी और ASHTAM जारी, डिस्पैचर को 24 घंटे मॉनिटरिंग का निर्देश
  • एयरलाइनों को SOP की समीक्षा और पायलट व केबिन क्रू को स्थिति की जानकारी देना अनिवार्य
  • मार्ग बदलाव और अतिरिक्त ईंधन लेकर उड़ानों को संचालित करने का आदेश
  • पायलटों को किसी भी संदिग्ध राख संपर्क की रिपोर्ट करने का निर्देश, जैसे इंजन प्रदर्शन में बदलाव या केबिन में धुआं/गंध
  • प्रभावित हवाई मार्गों से गुजरने वाले विमानों के इंजनों और ढांचे की पोस्ट-फ्लाइट जांच अनिवार्य

उच्च सतर्कता जारी

DGCA ने कहा है कि इन सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन किया जाएगा और राख के फैलाव के नए आंकड़ों और पूर्वानुमानों के आधार पर आगे की सलाह जारी की जाएगी। इस घटना के बाद मध्य-पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र में उड़ानें संचालित करने वाली एयरलाइनों को अधिक सतर्कता के साथ काम करने की सलाह दी गई है, और ऐसी स्थिति बनी रहने पर उड़ानों में देरी या डायवर्जन की संभावनाएं बनी रहेंगी।

हैली गुब्बी ज्वालामुखी

इथियोपिया के अफार क्षेत्र में स्थित हैली गुब्बी ज्वालामुखी रविवार सुबह फट पड़ा, जिसके बाद आसपास का अफडे़रा गांव राख की परत से ढक गया। हैली गुब्बी ज्लावामुखी सैकड़ों साल से शांत पड़ा हुआ था, जिसमें अब अचानक से विस्फोट हुआ है। स्थानीय प्रशासक मोहम्मद सईद ने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन इसका आर्थिक असर स्थानीय पशुपालक समुदाय पर पड़ सकता है। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि हैली गुबी ज्वालामुखी के पहले कभी सक्रिय होने का कोई रिकॉर्ड नहीं है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article