Haryana Independent MLA Rakesh Daultabad Passed Away: लोकसभा चुनाव के बीच हरियाणा से बुरी खबर सामने आई है। यहां गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसा सीट से विधायक राकेश दौलताबाद का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे राकेश दौलताबाद को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें, राकेश दौलताबाद 2019 के विधानसभा चुनाव में बादशाहपुर सीट से निर्दलीय चुनाव जीते थे, उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी मनीष यादव को हराया था।
जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम की बादशाहपुर सीट से राकेश दौलताबाद तीन बार विधायकी का चुनाव लड़ चुके थे। उन्होंने पहले भी निर्दलीय ओर इंडियन नेशनल लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, तीसरी बार में उन्हें जीत मिली। दौलताबाद के दो बच्चे हैं। दो साल पहले कोरोना के कारण उनके छोटे भाई की मौत हो गई थी। राकेश दौलताबाद हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके थे।
बीजेपी को दिया था समर्थन
2019 में निर्दलीय चुनाव जीतकर राकेश दौलताबाद ने विधानसभा में बीजेपी को समर्थन दिया था। हरियाणा में सत्ता परिवर्तन के बाद भी उन्होंने बीजेपी को अपना समर्थन जारी रखा। विधायक राकेश दौलताबाद की निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उन्होंने लिखा, 'बादशाहपुर के विधायक और विधानसभा में प्रमुख सहयोगी रहे राकेश दौलताबाद जी के आकस्मिक निधन से आहत और स्तब्ध हूं।राकेश जी के अचानक चले जाने से हरियाणा की राजनीति में एक शून्यता आई है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।परिवारजनों और समर्थकों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति! वहीं, गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर ने भी शोक व्यक्त करते हुए लिखा, 'स्तब्ध हूं और बेहद दुःखी। उनका हंसता मुस्कुराता चेहरा मेरी आंख के आगे से नहीं हट रहा। गुड़गांव के बादशाहपुर से विधायक राकेश दौलताबाद जी के निधन की ख़बर ने झकझोर दिया है। परिवार को कैसे हौसला दूं। ये सब अचानक कैसे हो गया। मैं प्रार्थना कर रहा हूं। ईश्वर परिजनों को संबल दें।'
