देश

Train Accident: अब गोवा में बेपटरी हुई मालगाड़ी, 17 डिब्बे पटरी से उतरे; रेल सेवाएं प्रभावित

Train Accident: दक्षिण गोवा के पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। जिसकी वजह से मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा सोनालीम और दूधसागर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। जिसकी वजह से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। बता दें कि मालगाड़ी के बेपटरी होने की वजह से दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।

Image

बेपटरी हुई मालगाड़ी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • सोनालीम और दूधसागर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ हादसा।
  • मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए।
  • तेजी से चल रहा मरम्मत कार्य।

Train Accident: कर्नाटक की सीमा से लगे दक्षिण गोवा के पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिससे दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) मार्ग पर रेल सेवाएं प्रभावित हुई। एसडब्ल्यूआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मंजूनाथ कनमाड़ी ने बताया, ''हुबली प्रभाग के अंतर्गत आने वाले सोनालीम और दूधसागर रेलवे स्टेशन के बीच घाट खंड पर सुबह 9.35 बजे मालगाड़ी के 17 डिब्बे पटरी से उतर गए।''

ट्रेनों के बदले गए रास्ते

उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस घटना के कारण तीन रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित किया गया तथा दो अन्य को रद्द कर दिया गया। कनमाड़ी ने कहा, ''घटनास्थल पर दुर्घटना सहायता यान (ART) के साथ 140 टन की क्रेन और अन्य आवश्यक सामाग्री भेजी गई है तथा मरम्मत कार्य जारी है।''

  • मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण, ट्रेन संख्या 17420/17022 वास्को डी गामा-तिरुपति/हैदराबाद एक्सप्रेस ट्रेन को मडगांव, कारवार, पडिल, सुब्रह्मण्य रोड, हासन, अरसिकेरे, चिकजाजुर, रायदुर्ग और बल्लारी के रास्ते अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया है।
  • ट्रेन संख्या 12779 वास्को डी गामा-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को मडगांव, रोहा, पनवेल, कल्याण और पुणे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर भेजा गया है।
  • हजरत निजामुद्दीन-वास्को दा गामा एक्सप्रेस (12780) ट्रेन का भी मार्ग परिवर्तन किया गया है।

इन ट्रेनों को किया गया रद्द

अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण ट्रेन संख्या 17309 यशवंतपुर-वास्को डी गामा और 17310 वास्को डी गामा-यशवंतपुर को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दक्षिण पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मार्ग को सुचारू करने के लिए चल रहे मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए घटनास्थल पहुंचे हैं।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article