GDP Growth Of India: भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए आज एक अच्छी खबर सामने आई है। 28 नवंबर को सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था ने लगातार तीसरी तिमाही में अपनी शानदार रफ्तार जारी रखी है, जुलाई-सितंबर में जीडीपी ग्रोथ रेट 6 तिमाहियों के उच्चतम स्तर 8.2 प्रतिशत पर पहुंच गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 7.8 प्रतिशत थी।
इस ताजा आंकड़ों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 8.2 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर लोगों की कड़ी मेहनत और उद्यमशीलता को बताती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सुधारों को आगे बढ़ाना जारी रखेगी।
नहीं रुकेंगे आर्थिक सुधार की ओर कदम: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 8.2 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर बहुत उत्साहजनक है। यह हमारी वृद्धि-समर्थक नीतियों और सुधारों के प्रभाव को बताती है। यह हमारे लोगों की कड़ी मेहनत और उद्यमशीलता को भी दर्शाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार सुधारों को आगे बढ़ाती रहेगी और प्रत्येक नागरिक के लिए जीवन को आसान बनाने के लिए काम करती रहेगी।’’
बता दें कि विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में अच्छी वृद्धि के दम पर भारत की आर्थिक वृद्धि दर जुलाई-सितंबर तिमाही में 8.2 प्रतिशत रही है जो पिछली छह तिमाहियों में सबसे अधिक है।
