देश

गजब! अडानी की कंपनी का 6000 किलो का पुल हो गया चोरी, चार गिरफ्तार

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jul 9, 2023, 07:24 AM IST

Iron Bridge Stolen: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रमोद तावड़े ने बताया, 26 जून को हमें अडानी कंपनी से शिकायत मिली कि बिजली के बड़े तारों को ले जाने के लिए नाले पर बना पुल चोरी हो गया है। पुल की लागत करीब 2 लाख रुपये है।

Image

पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार

Photo : ANI

Iron Bridge Stolen: मुंबई के मलाड इलाके से गौतम अडानी की कंपनी का पुल चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, यह पुल पश्चिमी उपनगर में एक नाले पर लगाया गया था, जिसका वजन करीब 6000 किलोग्राम था।

बांगर नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रमोद तावड़े ने बताया, 26 जून को हमें अडानी कंपनी से शिकायत मिली कि बिजली के बड़े तारों को ले जाने के लिए नाले पर बना पुल चोरी हो गया है। पुल की लागत करीब 2 लाख रुपये है। हमने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 4 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक उस फर्म का कर्मचारी है जिसे पुल बनाने का ठेका दिया गया था।

छह जून को आखिरी बार देखा गया था पुल

पुलिस ने अपनी जांच में कहा है कि पुल को आखिरी बार छह जून को देखा गया था। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें पता चला कि 11 जून को एक बड़े वाहन को पुलिस की दिशा में जाते देखा गया। अधिकारी ने बताया, इस ट्रक में गैस काटने वाली मशीने थीं, जिसका इस्तेमाल पुल को काटने के लिए किया गया था। पुलिस ने बताया, चोरी किया गया पुल पुराना था। इसकी जगह पर नया पुल लगाया गया था, इसलिए पुराने पुल को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया था।

पुल किया गया बरामद

पुलिस ने बताया, पुल चोरी करने वाला उसी फर्म का कर्मचारी था, जिसे नया पुल बनाने का ठेका दिया गया था। उन्होंने बताया, पुल को बरामद कर लिया गया है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। बता दें, बिहार से एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक लोहे का पुराना पुल चोरी कर लिया गया था।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article