Emmanuel Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अगले सप्ताह तीन दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे 'एआई इम्पैक्ट' सम्मेलन में भाग लेंगे और व्यापार, रक्षा समेत अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक, उनकी यात्रा 17 फरवरी को मुंबई से शुरू होगी, जहां दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष का उद्घाटन करेंगे और द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?
विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरे के दौरान दोनों नेता ’होराइजन 2047 रोडमैप’ में निर्धारित क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय यह भी है कि जुलाई 2023 में पेरिस में हुई वार्ता के बाद यह रोडमैप जारी किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत बनाना है। ऐसे में, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे पर सबकी नजर होगी।किन मामलों पर होगी बातचीत?
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग सहित दोनों देशों के साझा हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर बातचीत करेंगे। बयान में यह भी कहा गया कि दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष का संयुक्त उद्घाटन मुंबई में करेंगे, जिसे 2026 में दोनों देशों में पूरे वर्ष मनाया जाएगा।
एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में लेंगे इमैनुएल मैक्रों
इसके अलावा, फ्रांस के राष्ट्रपति 19 फरवरी को दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट’ सम्मेलन में भी भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी 2025 में फ्रांस यात्रा के बाद हो रहा है और यह भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की गहराई, आपसी विश्वास और इसे और मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे में, कहा जा रहा है कि, द्विपक्षीय नवाचार वर्ष के अंतर्गत संस्कृति, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार से जुड़े संयुक्त कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
