Sikkim landslide : सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के अपर रिंबी में हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ। ग्यालशिंग के पुलिस अधीक्षक गेजिंग त्शेरिंग शेर्पा ने बताया कि पश्चिम सिक्किम के यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत अपर रिंबी में आधी रात को हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लापता हैं।
तीन लोग अभी भी लापता
भूस्खलन की चपेट में आने से तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस दल ने स्थानीय ग्रामीणों और एसएसबी कर्मियों के सहयोग से बाढ़ग्रस्त ह्यूम नदी पर अस्थायी पेड़ के तनों का पुल बनाकर प्रभावित क्षेत्र से दो घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया। सफलतापूर्वक निकासी के बाद दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। दूसरी महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं।
हफ्ते में भूस्खलन की यह दूसरी घटना
इस हफ्ते सिक्किम में यह दूसरी बड़ी घटना है। सोमवार को भी इसी तरह के भूस्खलन में ग्यालशिंग जिले में एक महिला की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, भारी बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में कई भूस्खलन हुए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ये घटनाएं साफ तौर पर दिखाती हैं कि प्रकृति अब और अधिक सहन नहीं कर सकती है।
