देश

MEA: चीनी हवाई अड्डों पर भारतीयों को न किया जाए परेशान, अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के नियमों का सम्मान करे ड्रैगन

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारतीय नागरिकों को चीन की यात्रा करते समय बेहद सावधान रहने की सलाह दी। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका, पाकिस्तान, चीन और आतंकवाद से जुड़े कई मुद्दों पर भारत की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की।

Image

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने चीन में भारतीय यात्रियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि चीन के हवाई अड्डों पर भारतीय नागरिकों के साथ कथित तौर पर मनमानी कार्रवाई पर भारत ने सख्त रुख अपनाया है। हमें उम्मीद है कि चीन भरोसा दे कि भारतीय नागरिकों को न तो निशाना बनाया जाएगा, न ही बिना वजह रोका जाएगा। अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के नियमों का सम्मान किया जाना चाहिए। इस दौरान रणधीर जायसवाल ने भारतीय यात्रियों को चीन जाने या वहां ट्रांजिट करने से पहले सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।

अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने कई बार कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा, और हम इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं चाहते। चीन-भारत संबंधों पर उन्होंने कहा कि यह संबंध धीरे-धीरे सकारात्मक दिशा में बढ़ रहा है, और हम इसे इसी दिशा में आगे बढ़ाते रहना चाहते हैं।

विदेश मंत्रालय का यह परामर्श अरुणाचल प्रदेश की एक महिला को शंघाई हवाई अड्डे पर रोके जाने जाने के दो सप्ताह बाद दिया है। दरअसल, 21 नंवबर को अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी कामेंग जिले की की रहने वाली म्मा वांगजॉम थोंगडॉक को लंदन से जापान की यात्रा करते समय शंघाई एयरपोर्ट पर तीन घंटे के ट्रांजिट के दौरान 18 घंटे से ज्यादा समय तक रोककर रखा गया था। उन्होंने बताया था कि उनके साथ ऐसा सिर्फ इसलिए हुआ था क्योंकि उनके पासपोर्ट पर जन्मस्थान अरुणाचल प्रदेश लिखा था।

यूके द्वारा चरमपंथी संगठनों पर कार्रवाई का स्वागत

ब्रिटेन द्वारा भारत-विरोधी चरमपंथी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के फैसले पर विदेश मंत्रालय ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि हम UK सरकार के भारत विरोधी चरमपंथी संस्थाओं पर रोक लगाने के कदमों का स्वागत करते हैं, जिससे आतंकवाद और चरमपंथियों के खिलाफ वैश्विक लड़ाई मजबूत होगी और गैर-कानूनी वित्तीय प्रवाह और ट्रांसनेशनल क्राइम नेटवर्क को रोकने में मदद मिलेगी। ऐसे लोग और संस्थाएं न सिर्फ भारत और UK के लिए, बल्कि दुनिया भर के लोगों के लिए खतरा हैं..."उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश आतंकवाद और अवैध वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ सहयोग और मजबूत करेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति पर प्रतिक्रिया

इस दौरान अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रैटेजी दस्तावेज का जिक्र करते हुए जायसवाल ने कहा कि यह रिपोर्ट भारत को एक प्रमुख साझेदार के रूप में अमेरिका की प्राथमिकता को दर्शाती है। यूनाइटेड स्टेट्स के साथ हमारे कई तरह के रिश्ते हैं। उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच बहुआयामी एवं व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जिसे आगे और मजबूत करने पर दोनों देश प्रतिबद्ध हैं।

इस दौरान जायसवाल ने 3 दिसंबर को हुई भारत-अमेरिका काउंटर-टेररिज़्म वर्किंग ग्रुप की 21वीं बैठक की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने पहलगाम और दिल्ली में हुए हालिया आतंकी हमलों की कड़ी निंदा की और बहुपक्षीय मंचों-जैसे UN, क्वाड और FATF में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सहयोग भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तम्भ है।

लोकतंत्र और पाकिस्तान साथ नहीं चलते

इस दौरान पाकिस्तान की राजनीतिक स्थिति पर पूछे गए सवाल पर जायसवाल ने दो-टूक कहा कि भारत अपने पड़ोस में होने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखता है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि आप कह रहे हैं कि पाकिस्तान में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है... लोकतंत्र और पाकिस्तान-दोनों साथ नहीं चलते।

अफगानियों पर हमलों की निंदा करता है भारत

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अफगानिस्तानी नागरिकों पर हमले को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमने बॉर्डर पर झड़पों की रिपोर्ट देखी हैं, जिसमें कई अफगान नागरिक मारे गए हैं। हम बेगुनाह अफगान लोगों पर ऐसे हमलों की निंदा करते हैं। भारत अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और आज़ादी का पूरा समर्थन करता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!