देश

MP Fire: सतपुड़ा भवन में लगी भीषण आग! बुझाने में जुटी आर्मी, एयरफोर्स से मांगी गई मदद; कांग्रेस बोली- भ्रष्टाचार की फाइलें जलने लगी हैं

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 12, 2023, 10:00 PM IST

MP Fire: भोपाल स्थित जिस सतपुड़ा भवन में आग लगी है, उसमें कई सरकारी कार्यालय हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय में लगी थी।

Image

मध्यप्रदेश के सतपुड़ा बिल्डिंग में लगी भयंकर आग

Photo : ANI

MP Fire: मध्यप्रदेश के एक सरकारी इमारत सतपुड़ा बिल्डिंग (Satpura Building) में सोमवार शाम भयंकर आग लग गई। आग इतनी भयंकर है कि राज्य के फायर विभाग ने अभी तक इस पर काबू नहीं पाया है। आग बुझाने के लिए सेना की मदद लेना पड़ गई है।

कई सरकारी कार्यालय

भोपाल स्थित जिस सतपुड़ा भवन में आग लगी है, उसमें कई सरकारी कार्यालय हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय में लगी थी। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां और सेना के विशेषज्ञ पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

एयरफोर्स से मांगी गई है मदद

आग को बुझाने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की और आग बुझाने के लिए एयरफोर्स की मदद मांगी है। जिसके बाद रक्षा मंत्री ने एयरफोर्स को इसके लिए निर्देश जारी किया। रक्षा मंत्री के निर्देश पर आज रात AN 32 विमान और MI 15 हेलीकाप्टर भोपाल पहुचेंगे । AN 52 और MI 15 बकेट के द्वारा सतपुड़ा भवन में ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करेंगे। भोपाल एयरपोर्ट रात भर खुला रहेगा

कैसे लगी आग

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है और बुझाने का काम जारी है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिलता है कि एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट के कारण आग लग सकती है। प्रशासन ने अभी तक किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।

कब लगी आग

आग शाम करीब 4 बजे लगी, जिसके बाद फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया। 4 घंटे से अधिक समय से आग बुझाने का प्रयास जारी है। मंडीदीप और रायसेन से भी दमकल की गाड़ियां को मौके पर बुलाया गया है। बीएचईएल की एक टीम और एयरपोर्ट अथॉरिटी की दमकल सेवाएं भी यहां पहुंची हुईं हैं। इमारत से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कितना नुकसान

सतपुड़ा भवन के 4 फ्लोर पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। मुख्यमंत्री खुद इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। आदिम जाति कल्याण विभाग का एक फ्लोर और स्वास्थ्य विभाग के तीन फ्लोर आग की चपेट में हैं। सीएम हेल्पलाइन, आत्मनिर्भर भारत और स्वास्थ्य विभाग के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज इस आग में स्वाहा हो गए हैं।

जांच के लिए कमेटी

मुख्यमंत्री चौहान ने आग के प्रारंभिक कारणों को जानने के लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की है। कमेटी में- एसीएस होम राजेश राजौरा, पीएस अर्बन नीरज मंडलोई, पीएस पीडब्ल्यूडी सुखबीर सिंह और एडीजी फायर होंगे। कमेटी , जांच के प्रारंभिक कारणों का पता कर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री चौहान को सौंपेंगी।

कांग्रेस ने साधा निशाना

इस अग्निकांड को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकारी फाइलें जलने लगी हैं। चुनाव से पहले लगी यह आग बताती है कि BJP सरकार को अपने जाने की भनक लग गई है। भ्रष्टाचार की फाइलें जलने लगी हैं। कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा- आज प्रियंका गांधी जी ने जबलपुर में "विजय शंखनाद रैली" में घोटालों को लेकर हमला बोला तो सतपुड़ा भवन में भीषण आग लग गई जिसमें महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख हो गई है। कहीं आग के बहाने घोटालों के दस्तावेज जलाने की साज़िश तो नहीं! यह आग मप्र में बदलाव के संकेत दे रही है ।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article