Kolkata Airport Fire: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट बुधवार रात करीब 9:12 बजे आग लग गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एयरपोर्ट के 3सी डिपार्चर टर्मिनल भवन में सिक्योरिटी चेक-इन एरिया में आग लगी थी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग के कारण धुआं भर गया, जिस कारण लोग इधर-उधर भागने लगे। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए टेक ऑफ और लैंडिंग को भी बंद कर दिया गया। आग के कारण का अभी तक पता नहीं लग पाया है।
आग पर काबू पाया गया
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया, चेक-इन एरिया पोर्टल डी पर रात 9:12 बजे मामूली आग लगी थी, जिसके कारण और धुआं था। उन्होंने बताया, रात 9:40 बजे तक पूरी तरह से आग पर काबू पा लिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और चेक-इन क्षेत्र में धुएं की उपस्थिति के कारण चेक-इन प्रक्रिया को निलंबित कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया, चेक-इन और संचालन अब फिर से शुरू कर दिया गया है।
सभी यात्री सुरक्षित
सीआईएसएफ ने बताया, डी पोर्टल चेक-इन काउंटर पर आग लग गई। धुएं के कारण यात्रियों और कर्मचारियों को टर्मिनल भवन से बाहर निकाला गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। आग बुझा दी गई है। सामान्य परिचालन बहाल किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
