देश

गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो पर हंगामा, विधानसभा में भी सियासी तूफान, लगे अश्लीलता के आरोप

सीएम अब्दुल्ला ने इस संबंध में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने मीरवाइज उमर फारूक की इसी तरह की पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि हैरत और गुस्सा पूरी तरह से समझ में आता है।

Image

फैशन शो पर हंगामा (PTI/X)

Photo : PTI

Fashion Show in Gulmarg: जम्मू-कश्मीर में रमजान के महीने में आयोजित एक फैशन शो को लेकर हंगामा मच गया है। शो पर अश्लीलता के आरोप लग रहे हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वे लोगों के सदमे और गुस्से को पूरी तरह समझते हैं। यह फैशन कार्यक्रम स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में आयोजित किया गया था, जिसकी राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही वर्गों में खासी आलोचना हो रही है। ऑनलाइन साझा की गई तस्वीरों में "अर्ध-नग्न" पुरुष और महिलाएं छोटे कपड़ों में रैंप पर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। आलोचकों का तर्क है कि इससे राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा है।

सीएम अब्दुल्ला ने मांगी रिपोर्ट

सीएम अब्दुल्ला ने इस संबंध में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने मीरवाइज उमर फारूक की इसी तरह की पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि हैरत और गुस्सा पूरी तरह से समझ में आता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, वे स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दिखाती हैं और वह भी इस पवित्र महीने के दौरान। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता राजा मुजफ्फर भट ने इस कार्यक्रम को कश्मीर के नैतिक और धार्मिक मूल्यों को नष्ट करने का प्रयास बताया।

श्रीनगर की जामा मस्जिद के मुख्य सज्जादानशीन और अलगाववादी हुर्रियत कांफ्रेंस के अध्यक्ष उमर फारूक ने इसे अपमानजनक बताया और कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उमर फारूक ने कहा, अपमानजनक! रमज़ान के पवित्र महीने में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो आयोजित किया गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिससे लोगों में सदमा और गुस्सा फैल गया है। सूफी, संत संस्कृति और लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली घाटी में इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है? इसमें शामिल लोगों को तुरंत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

विधानसभा में हंगामा

जम्मू कश्मीर विधानसभा में सोमवार को विधायकों ने कठुआ में नागरिकों की हत्या और गुलमर्ग फैशन शो विवाद सहित विभिन्न मुद्दे उठाए, जिसके बाद विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेशनल कांफ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और निर्दलीय दो सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और उन्होंने फैशन शो का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने इसे अश्लील करार दिया और आरोप लगाया कि इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

विधायकों ने रमजान के दौरान इस तरह के शो के आयोजन की जांच की मांग की। पीडीपी विधायक मीर मोहम्मद फैयाज ने यह मांग उठाई और नेकां के विधायक तनवीर सादिक ने भी यह मुद्दा उठाया। रमजान के महीने में गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो की व्यापक आलोचना हुई और कश्मीर के मीरवाइज उमर फारूक ने कहा है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

बीजेपी ने उठाया कठुआ में हत्याओं का मुद्दा

भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने कठुआ में हुई हत्याओं का मुद्दा उठाया, लेकिन उन्होंने सदन में प्रश्नकाल जारी रखने की पुरजोर वकालत की। बिलावर के विधायक सतेश शर्मा ने कहा, बिलावर में नागरिकों की हत्या ने चिंता बढ़ा दी है। इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। इसके बजाय, इस कृत्य में शामिल लोगों के खात्मे के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। कठुआ के बिलावर के ऊपरी इलाके में एक जलाश्य के पास शनिवार को तीन नागरिकों के शव बरामद किए गए। ये तीनों नागरिक पांच मार्च को बिलावर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौटते समय लापता हो गए थे।

कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज ने कहा कि एक बच्चे की हत्या करना मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन है। नेकां-कांग्रेस, पीडीपी और भाजपा के सदस्यों के बीच 25 मिनट से अधिक समय तक वाकयुद्ध जारी रहा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article