देश

किस वजह से हुआ अहमदाबाद विमान हादसा? शोकाकुल परिवारों ने PM मोदी को लिखा पत्र, ब्लैक बॉक्स को लेकर की यह मांग

Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के शोकाकुल परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर ब्लैक बॉक्स के डेटा को जारी करने की अपील की।

Image

अहमदाबाद विमान हादसे के शोकाकुल परिवारों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र (फाइल फोटो)

Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को 10 माह हो चुके हैं और अब पीड़ित परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और ब्लैक बॉक्स का डेटा जारी करने की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला

एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो एक बोइंग 787-8 विमान था, 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही विमान एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल कॉम्प्लेक्स में जा गिरा। जिसके बाद विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार 242 में से 241 लोगों की और जमीन पर मौजूद अन्य 19 लोगों की मौत हो गई।

प्लेन त्रासदी की क्या है सच्चाई?

गुजरात भर से लगभग 30 शोकाकुल परिवार शनिवार को अहमदाबाद में एकजुट हुए और उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर इस त्रासदी के पीछे की सच्चाई पता लगाने के लिए सीवीआर और ब्लैक बॉक्स का डेटा जारी करने की अपील की। शोकाकुल परिवारों ने कहा, ''हम सच्चाई जानना चाहते हैं कि यह हादसा किस वजह से हुआ और क्या इसमें कोई तकनीकी खामी थी।''

DGCA को भी भेजा गया पत्र

इस पत्र की प्रतियां विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल को भी भेजी गईं। पत्र में कहा गया है कि अगर ब्लैक बॉक्स का डेटा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है तो कम से कम उसे पीड़ित परिवारों के साथ निजी तौर पर साझा किया जाना चाहिए।

विमान हादसे में 24 साल का अपना बेटा खोने वाले निलेश पुरोहित का घर अब सूना हो चुका है। उन्होंने कहा, ''मेरा घर अब सूना लगता है। कोई भी मुआवजा इस खालीपन को नहीं भर सकता है। हमें पैसा नहीं चाहिए, हम बस यह जानना चाहते हैं कि आखिर हुआ क्या था।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article