देश

शादी में आई ‘रिश्तेदार’, बैग से उड़ाया 32 लाख रुपये का सोना! फिर जो हुआ वो...

कर्नाटक में शादी समारोहों में फर्जी रिश्तेदार बनकर शामिल होने और सोने के गहने व नकदी चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से पुलिस ने 262 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई जा रही है।

Image

कर्नाटक में फर्जी रिश्तेदार बनकर विवाह में शामिल हुई महिला।(फोटो सोर्स: istock)

Photo : iStock

कर्नाटक में फर्जी रिश्तेदार बनकर विवाह समारोहों में शामिल होने और वहां से सोने के गहने तथा नकदी चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करने के बाद 32 लाख रुपये मूल्य के 262 ग्राम सोने के आभूषण जब्त करने का दावा किया है।

शिकायतकर्ता ने क्या कहा? पुलिस के अनुसार, मंजुनाथ नगर निवासी ने एक शिकायत दी थी जिसमें उन्होंने कहा था 23 नवंबर की सुबह वह अपनी मां के साथ बसवनगुडी स्थित एक बारातघर में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थीं। उन्होंने बारातघर के एक कमरे में एक बैग रखा था, जिसमें 32 ग्राम की सोने की एक चेन और एक सजावटी 'कॉलर' चेन रखी थी।

पैसे के अलावा सोने की चेन भी चोरी

पुलिस ने बताया कि समारोह के बाद घर लौटने पर जब उन्होंने बैग देखा तो उसमें से करीब तीन लाख रुपये की सोने की चेन के अलावा सजावटी चेन भी चोरी हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर बसवनगुडी थाने में चोरी का एक मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,"पुलिस ने विभिन्न कोणों से मामले में जांच की और मुखबिरों से प्राप्त विश्वसनीय जानकारी के आधार पर एक दिसंबर को एक महिला को उदयनगर, के. आर. पुरम स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया।"

कई जगहों पर चोरी कर चुकी थी महिला

पुलिस हिरासत में विस्तृत पूछताछ के दौरान,आरोपी ने खुलासा किया कि इस मामले के अलावा, बसवनगुडी थाने में दर्ज दो अन्य मामलों में भी उसी ने चोरी की थी, साथ ही अन्य जिलों में बारातघरों में सोने के आभूषणों की चोरी भी की थी।

अधिकारी के अनुसार, उसने कहा कि चोरी हुए सोने के आभूषण उसके घर पर रखे हुए थे और उसने अपने पति के साथ मिलकर बैंक में गहने गिरवी रखकर सोने पर ऋण लिया था। पुलिस ने बताया कि दो दिसंबर से 12 दिसंबर के बीच महिला के आवास और बैंक से कुल 262 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए तथा बरामद आभूषणों का कुल मूल्य 32 लाख रुपये है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article