देश

बिहार उपचुनाव: हर पांचवें वोटर के पिता का नाम 'मुन्ना कुमार', उम्मीदवार और अधिकारी सब परेशान

अधिकारियों ने माना कि ऐसा मतदाता सूची में एक गलती के कारण हुआ है, लेकिन इससे चुनाव प्रक्रिया बाधित नहीं होगी। यहां कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।

Image

बिहार विधान परिषद उपचुनाव

Photo : PTI

Bihar bypoll: बिहार में तिरहुत विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में आज उपचुनाव के दौरान दिलचस्प वाकया सामने आया। यहां मतदान केंद्र के लगभग हर पांचवें मतदाता के पिता का नाम एक ही है। इसका खुलासा होने से न सिर्फ उम्मीदवार हैरान हैं बल्कि चुनाव आयोग भी सांसद में है। अधिकारियों ने माना कि ऐसा मतदाता सूची में एक गलती के कारण हुआ है, लेकिन इससे चुनाव प्रक्रिया बाधित नहीं होगी। यहां कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।

138 मतदाताओं के पिता का नाम मुन्ना कुमार

यहां मतदाताओं की संख्या 1.5 लाख से कुछ अधिक है और सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और शिवहर जिलों के 197 बूथों पर मतदान हो रहा है। तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त सर्वानन एम ने कहा कि यह विसंगति मुजफ्फरपुर के औराई ब्लॉक में सामने आई है, जहां एक मतदान केंद्र पर 724 मतदाताओं में से 138 मतदाताओं के पिता का नाम मुन्ना कुमार बताया गया है।

चुनाव आयोग ने बताई ये वजह

आयुक्त ने बताया कि कुछ तकनीकी कारकों के कारण पैदा हुई विसंगति के कारण किसी भी मतदाता को मताधिकार के अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। उप-चुनाव प्रक्रिया पूरी होने पर, हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे। वहीं, जदयू के वरिष्ठ नेता देवेश चंद्र ठाकुर के इस्तीफे के कारण खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिला। ठाकुर अब सीतामढी के सांसद हैं।

उम्मीदवार परेशान

बहरहाल, कई उम्मीदवार इस गलती से परेशान दिखे। उपचुनाव में जद (यू) के उम्मीदवार अभिषेक झा ने कहा, यह अजीब है। सभी आयु वर्ग के पुरुष, महिलाओं और विभिन्न धर्म के मतदाताओं के पिता का नाम एक ही है, मुन्ना कुमार। निर्दलीय उम्मीदवार बंशी धर बृजवासी ने आरोप लगाया कि मैंने समय रहते अधिकारियों के सामने गलती को उजागर किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे मतदाता चिंतित हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें