देश

चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, साई कुमार को तमिलनाडु का नया मुख्य सचिव किया नियुक्त

Tamil Nadu Assembly Election 2026: निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने बुधवार को आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले साई कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।

Image

चुनाव आयोग (फाइल फोटो)

Tamil Nadu Assembly Election 2026: निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने बुधवार को आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले साई कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। बता दें कि साई कुमार ने एन मुरुगनंदम की जगह ली है।

DGP का हुआ तबादला

इसके साथ ही, निर्वाचन आयोग ने डीजीपी (सशस्त्र पुलिस, सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक) एस. डेविडसन देवसीरवथम के तबादले का भी आदेश दिया। उनकी जगह पर अब 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी संदीप मित्तल की नियुक्ति हुई है। यह हाई प्रोफाइल तबादले ऐसे समय पर हुए जब आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दल जोर शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में 234 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना होगी।

SPA बनाम NDA की लड़ाई

तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) और एनडीए (NDA) के बीच माना जा रहा है। एसपीए में कांग्रेस, डीएमडीके और वीसीके शामिल है, जबकि एनडीए का नेतृत्व का एआईएडीएमके कर रही है, जिसमें भाजपा छोटे भाई की भूमिका में है। इस बार का विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है, क्योंकि अभिनेता से नेता बने विजय अपनी पार्टी टीवीके के साथ पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।

डीएमके और एनडीए पर जमकर बरसे विजय

विजय ने तमिलनाडु में डीएमके पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि यदि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के पास पूर्ण शक्तियां होतीं, तो तिरुनेलवेली में टीवीके का चुनाव प्रचार नहीं हो पाता। विजय ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी न किसी तरह की बाधा खड़ी करके हमें आने से रोकते, लेकिन फिलहाल इसे 'कार्यवाहक सरकार' कहा जाता है और वह (स्टालिन) एक अधिकारहीन मुख्यमंत्री हैं।

विजय ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 'कैश-बॉक्स अलायंस' बताया। साथ ही एनडीए पर भी निशाना साधा और डीएमके और भाजपा के बीच एक गुप्त समझौता होने का आरोप लगाया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article