Ashok Gehlot : राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। गहलोत ने गुरुवार को कहा कि केंद्र के दबाव के बगैर यहां न तो ईडी आ सकती है और ना ही सीबीआई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उन्हें काम नहीं करने दे रही। यह 'गुंडागर्दी' है। बता दें कि ईडी ने गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं विधायक ओम प्रकाश हुडला सहित दर्जन भर स्थानों पर छापेमारी शुरू की।
जांच एजेंसी ने गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को भी समन जारी किया है। ईडी की रेड के बाद कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को निशाने पर लिया है। वहीं, वैभव गहलोत ने छापे की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाए हैं।
स्थिति चिंताजनक है-गहलोत
गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थिति चिंताजनक है, उन्होंने देश में आतंक फैला रखा है। जहां भी चुनाव होते हैं,वहां प्रवर्तन निदेशालय छापा मारता है। वे चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, कांग्रेस डरेगी नहीं। वह चुनाव जीतेगी। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग उचित नहीं, वे मुझे निशाना बना रहे हैं क्योंकि वे मेरी सरकार नहीं गिरा सकते।
ED की कार्रवाई भाजपा की हताशा-सचिन पायलट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के यहां पड़े छापे पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, 'गोविंद सिंह डोटासराके यहां ईडी के पड़े छापे की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। ईडी ने सीएम गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को भी समन भेजा है। भाजपा इस तरह की कार्रवाई से हमें नहीं डरा सकती। राज्य के सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता एकजुटता के साथ खड़े हैं। राजस्थान की जनता कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने का मन बन चुकी है और इसकी बौखलाहट एवं हताशा भाजपा में दिखाई दे रही है।'
लछमनगढ़ सीट से डोटासरा उम्मीदवार
डोटासरा के जयपुर और सीकर में स्थित परिसर पर ईडी के छापे पड़े हैं जबकि विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में मुख्यमंत्री गहलोत के बेटे को तलब किया है। डोटासरा सीकर में लछमनगढ़ सीट से भाजपा के उम्मीदवार सुभाष महरिया के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वह इस सीट से मौजूदा विधायक भी हैं जबकि हुड़ला निर्दलीय विधायक हैं तथा कांग्रेस ने इस बार उन्हें महवा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
