देश

दिल्ली-NCR में होगा भूकंप सिमुलेशन मॉक ड्रिल, अलर्ट पर रहेंगे राहत दल; तारीख जान लीजिए

दिल्ली में भूकंप सिमुलेशन मॉक ड्रिल का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारतीय सेना, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकारें संयुक्त रूप से भाग लेंगी।

Image

दिल्ली-NCR में होगा भूकंप सिमुलेशन मॉक ड्रिल (फोटो- Meta AI)

दिल्ली-NCR क्षेत्र में 29 जुलाई से 1 अगस्त 2025 तक एक व्यापक और अभूतपूर्व आपदा प्रबंधन अभ्यास आयोजित होने जा रहा है, जिसका नाम है ‘Exercise Suraksha Chakra’। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा मॉक ड्रिल होगा, जिसका उद्देश्य है भूकंप और औद्योगिक-रासायनिक आपदाओं जैसी बड़ी आपदाओं से निपटने की तैयारी को परखना और विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना।

किसके द्वारा किया जा रहा है यह आयोजन?

इस मॉक ड्रिल का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारतीय सेना, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकारें संयुक्त रूप से भाग लेंगी।

मॉक ड्रिल का कार्यक्रम:

  • 29 जुलाई: मानेकशॉ सेंटर में उच्चस्तरीय बैठक
  • 30 जुलाई: सिमुलेशन आधारित टेबल-टॉप एक्सरसाइज
  • 1 अगस्त: फील्ड लेवल मॉक ड्रिल – पूरे दिल्ली-NCR में

1 अगस्त को मुख्य मॉक ड्रिल

1 अगस्त को इस अभ्यास का मुख्य दिन होगा, जब भूकंप जैसी आपात स्थिति का सजीव चित्रण किया जाएगा। यह अभ्यास 18 जिलों में एक साथ किया जाएगा।

  • दिल्ली के सभी 11 जिले
  • हरियाणा के 5 जिले: गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी
  • उत्तर प्रदेश के 2 जिले: गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद

मॉक ड्रिल में क्या-क्या दिख सकता है?

  • सड़कों पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, और सेना की गाड़ियों की भारी आवाजाही
  • सायरन, घोषणाएं और रेस्क्यू ऑपरेशन – ये सभी अभ्यास का हिस्सा होंगे
  • आपदा बचाव बल (NDRF), सिविल डिफेंस, और अन्य राहत एजेंसियां रहेंगी तैनात
  • राहत शिविर, मेडिकल पोस्ट, और स्टेजिंग एरिया जैसे अस्थायी केंद्र बनाए जाएंगे
  • घायलों को निकालने, प्राथमिक इलाज और राहत वितरण जैसी गतिविधियों का रिहर्सल किया जाएगा

जनता से अपील

दिल्ली सरकार और NDMA ने जनता से अपील की है कि वे इस अभ्यास के दौरान सहयोग करें और घबराएं नहीं। यह एक पूर्व-नियोजित मॉक ड्रिल है, जिसका उद्देश्य है आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल और प्रभावी प्रतिक्रिया को तैयार करना।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article