मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूचियों का मसौदा जारी किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इसकी जानकारी दी है। आयोग ने बताया कि जिन राज्यों की मतदाता सूची का मसौदा जारी किया जाना है उनमें पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं।
मतदाता ऑनलाइन कर सकेंगे जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ मतदाता सूची के मसौदे की प्रति साझा करेंगे।इसके अलावा, मतदाता सूची सीईओ और डीईओ की वेबसाइटों पर भी अपलोड की जाएगी। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत मतदाताओं की सूचियां भी सीईओ और डीईओ की वेबसाइटों पर अपलोड की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि वोटर ceowestbengal.wb.gov.in/SIR, voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल एप पर भी इसकी जांच कर पाएंगे।
एसआईआर के लिए इन राज्यों में बढ़ाया गया समय
पिछले सप्ताह, निर्वाचन आयोग ने सीईओ के अनुरोधों के बाद पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में एसआईआर की समय सीमा बढ़ा दी थी। तमिलनाडु, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लिए समय सीमा में संशोधन किया गया था। इन छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गणना की अवधि बीते गुरुवार को समाप्त होनी थी और मतदाता सूची का मसौदा 16 दिसंबर को प्रकाशित किया जाना था। आयोग ने अपने बयान में यह भी कहा है कि तमिलनाडु और गुजरात के लिए गणना की अवधि 14 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है, अब इन राज्यों में मतदाता सूची का मसौदा 19 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए गणना की अवधि 18 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है और मतदाता सूचियों का मसौदा 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा।
यूपी में 31 दिसंबर को जारी होगा मतदाता सूची का मसौदा
उत्तर प्रदेश में गणना की अवधि 26 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है और मतदाता सूची का मसौदा 31 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, केरल के लिए कार्यक्रम में पूर्व में संशोधन किया गया था। राज्य में गणना की अवधि 18 दिसंबर को समाप्त होगी और मतदाता सूची का मसौदा 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा।
