US Independence Day Event: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राजदूत सर्जियो गोर से फोन पर बातचीत की और पीएम मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया और कहा कि वह उनके बहुत बड़े प्रशंसक हैं।
ट्रंप ने अचानक किया फोन
सर्जियो गोर को किए फोन पर ट्रंप ने कहा, ''मैं भारत और पीएम मोदी से प्यार करता हूं...।'' उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते मौजूदा समय में जितने करीब हैं, उतने पहले कभी नहीं रहे हैं।
ट्रंप ने आगे आश्वासन दिया कि भारत किसी भी प्रकार की सहायता के लिए उन पर और अमेरिका पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को किसी मदद की ज़रूरत हो, तो "वे जानते हैं कि कहां फोन करना है"।
समारोह में कौन-कौन हुआ सम्मिलित?
दिल्ली में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रूजवेल्ट हाउस में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की मेजबानी कर अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस को मनाया। इस कार्यक्रम में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, विक्रम मिसरी और तरनजीत सिंह संधू सहित कई भारतीय अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
इसी कार्यक्रम में ट्रंप का लाइव कॉल आया और उनका संदेश कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। ट्रंप ने कहा, ''मैं भारत से प्यार करता हूं। पीएम मोदी शानदार नेता हैं और मेरे अच्छे दोस्त हैं। मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।''
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप और मोदी की दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी उनकी ट्रंप से बात होती है, राष्ट्रपति सबसे पहले पीएम मोदी के बारे में पूछते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच संबंध केवल औपचारिक नहीं, बल्कि बेहद मजबूत और व्यक्तिगत हैं।
