'हमने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया', PM मोदी, राहुल सहित अन्य ने सड़क हादसे में जवानों की मौत पर जताया दुख
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 22, 2026, 08:23 PM IST
Doda Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई अन्य नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे को लेकर गहरा दुख जताया, जिसमें सेना के 10 जवानों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुख हुआ, जिसमें हमने भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों को खो दिया।
डोडा सड़क हादसे में 10 जवानों की मौत
Doda Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई अन्य नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे को लेकर गहरा दुख जताया, जिसमें सेना के 10 जवानों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास से गुजर रही थी। इसी बीच, गाड़ी अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई।
PM मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ''डोडा में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ, जिसमें हमने अपने बहादुर सेना के जवानों को खो दिया। देश के लिए उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। घायल जल्द से जल्द ठीक हों। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।''
अमित शाह ने जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस हादसे में हमने अपने जिन वीर जवानों को खोया है, उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल जवानों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सभी जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हों, ईश्वर से यह कामना है।''
हम सभी शोकाकुल परिवारों के साथ
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, ''जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी के खाई में गिरने से हमारे कई जवानों की मृत्यु और अनेक के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस दुख की घड़ी में हम सब हमारे वीर जवानों के शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं।''
डोडा में जवानों की मौत दुखद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ''जम्मू-कश्मीर के डोडा में दुखद वाहन दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें सेना के कई जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और कई अन्य घायल हो गए। शोक संतप्त परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। राष्ट्र गहरे दुःख के साथ एकजुट है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।''
'सेना के साथ खड़ा है पूरा देश'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, ''डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे से बहुत दुख हुआ, जिसमें हमने भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों को खो दिया। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायल जवानों को मेडिकल केयर दी जा रही है और सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इस मुश्किल घड़ी में पूरा देश हमारी सेना और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।''
'देश जवानों की वीरता का सदैव रहेगा ऋणी'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, ''जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई दुर्घटना में सेना के जवानों के बलिदान का समाचार अत्यंत दुखद है। देश उनकी वीरता और सेवा का सदैव ऋणी रहेगा। इस विकट परिस्थिति में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।''
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना की गाड़ी के खाई में गिरने की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में 10 वीर जवानों के शहीद होने और कई जवानों के घायल होने का समाचार हृदय विदारक है। मैं शहीद जवानों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायल जवानों को शीघ्र स्वस्थ करें।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।