Shraddha Walkar Murder Case: दिल्ली के श्रद्धा वालकर हत्याकांड में आरोपी आफताब पूनावाला ने लिव-इन-पार्टनर का सिर दिल्ली के एक तालाब में फेंका था। यह जानकारी सूत्रों ने टाइम्स नाउ नवभारत को दी। दिल्ली पुलिस इसके बाद रविवार (20 नवंबर, 2022) शाम छतरपुर के मैदानगढ़ी इलाके में पहुंची और वहां तालाब खाली कराने लगी। टीम ने गोताखोरों को भी बुलाया। पर स्थानीय लोगों ने तब तालाब खाली करने से मना कर दिया। पुलिस अब इस तालाब को आगे खाली करा सकती है।
गांव के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष महावीर प्रधान ने कहा, "हमने सुना है कि शरीर के कुछ हिस्सों को यहां फेंक दिया गया था और उनकी तलाश चल रही है। वे तालाब से पानी निकाल रहे हैं। यह तालाब क्षेत्र के नलकूपों को पानी की आपूर्ति करता है।" उन्होंने कहा कि वे लोग पुलिस की मदद के लिए तैयार हैं, लेकिन तालाब खाली करने के बजाय शरीर के अंगों को बरामद करने का और भी तरीका हो सकता था। उन्होंने कहा, ‘‘शरीर हिस्सों की तलाश के लिए गोताखोरों को तैनात किया जा सकता था।’’
इसी बीच, शाम को फिर से आफताब के फ्लैट पर क्राइम सीन्स रीक्रिएट किया गया, क्योंकि पुलिस के हाथ 18 अक्टूबर की सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है। साथ ही जो कपड़े पुलिस को उसके फ्लैट से मिले हैं, उसमें श्रद्धा की भी कुछ कपड़े थे। ऐसे में आशंका है कि उसका नार्को टेस्ट भी हो सकता है, जिसमें इस मर्डर केस से जुड़े और भी सच आफताब उगल सकता है।
जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आफताब का दावा है कि उसने किचन में श्रद्धा की हत्या करने के बाद उसकी तीन तस्वीरें जला दीं। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कहा कि उसने श्रद्धा के लिए नफरत विकसित कर ली थी और उसकी हत्या करने के बाद उससे जुड़े विभिन्न सामानों की छानबीन की थी। श्रद्धा की तीन बड़ी तस्वीरें उनके बेडरूम में थीं, जिनमें उनके उत्तराखंड दौरे की दो एकल तस्वीरें और मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास युगल की 2020 की तस्वीर शामिल थी। पूछताछ में उसने कहा कि वह घर में श्रद्धा से जुड़े हर सबूत को नष्ट कर देना चाहता था।
इससे पहले, समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट में बताया गया कि पुलिस ने वालकर के अवशेष से जुड़े तलाशी अभियान तेज करते हुए रविवार को एक वन क्षेत्र से खोपड़ी के कुछ हिस्से और कुछ हड्डियां बरामद की थीं। इस बीच, रोहिणी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के एक सीनियर अफसर ने बताया, "फॉरेंसिक विशेषज्ञों की हमारी कई टीम ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ नार्को विश्लेषण परीक्षण के संबंध में विस्तृत चर्चा की और उसी की तैयारी कर रहे हैं।"
