Shaheen Shahid Arrest: आतंकियों के खिलाफ देशभर में बड़ी कार्रवाई हो रही है। 30 अक्टूबर को अल-फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद से एमबीबीएस छात्र डॉ. मुजम्मिल अहमद को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। उसके किराए के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक, एके-47 राइफल और कई मैगजीन बरामद हुई थीं। पूछताछ में मुजम्मिल ने अपनी गर्लफ्रेंड डॉ. शाहीन शाहिद का नाम बताया, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया। शाहीन की कार की डिक्की से हथियार मिले थे।
शाहीन शाहिद के पिता ने क्या-क्या बताया?
डॉ. शाहीन शाहिद और उनके भाई परवेज सईद अंसारी के पिता सैयद अहमद अंसारी ने कहा, "मेरे तीन बच्चे हैं, शाहीन मेरी दूसरी है और मेरा तीसरा बेटा परवेज सईद अंसारी है। शाहीन ने इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी की है। दोनों डिग्रियां मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थानों से हैं। जो भी आरोप शाहीन पर लगाया जा रहा है उस पर मुझे यकीन नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल से बेटी से कोई मुलाकात नहीं हुई है। हालांकि एक महीने पहले उससे उनकी बात जरूर हुई थी।
शाहीन को फरीदाबाद पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं परवेज के घर यूपी एटीएस छापेमारी करने पहुंची है. इस बीच पिता ने कहा कि पुलिस ने उनसे अब तक कोई संपर्क नहीं किया है।
आशंका जताई जा रही है कि डॉ. शाहीन आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की हेड है। उसका लखनऊ के लालबाग इलाके में घर है। डॉ. शाहीन लोक सेवा आयोग से चयनित होकर कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर बनी थीं। इसके बाद वह वर्ष 2013 में ये बिना किसी को बताए कॉलेज से गायब हो गई।
जांच एजेंसी को बरामद हुई 2900 किलोग्राम विस्फोटक
बताया जा रहा है कि डॉक्टर शाहीन फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ी थी और कश्मीरी डॉक्टर मुजम्मिल उर्फ मुसैब के साथ मिलकर काम कर रही थी। डॉक्टर मुजम्मिल को सोमवार को 2900 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट (360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट+ 550 किलो अमोनियम नाइट्रेट) के साथ फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। उसने किराए पर लिए हुए दो कमरों में इस विस्फोटक को रखा था।
वहीं, सोमवार शाम दिल्ली में लाल किले के करीब जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
