दिल्ली कार धमाके को लेकर बिहार में हाई अलर्ट।(फोटो सोर्स: ANI)
Delhi Red Fort Blast: दिल्ली के लाल किला के पास हुए विस्फोट के बाद चुनावी माहौल वाले बिहार में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राज्य के डीजीपी विनय कुमार ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि मंगलवार को बिहार के 122 सीटों पर चुनाव होना है।
सुरक्षा एजेंसियों को विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और चुनावी सभाओं में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। इसके अलावा खुफिया विभाग को दिल्ली की घटना से जुड़े किसी भी संभावित कनेक्शन पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने सोमवार को कहा कि धमाका लाल किले के यातायात सिग्नल के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ।
गोलचा ने धमाका स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में इस घटना में कई लोगों की मौत होने और घायल होने की पुष्टि की और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है।
गोलचा ने कहा, "धमाका शाम करीब 6.52 बजे लाल किले के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ। वाहन में यात्री सवार थे।" उन्होंने बताया कि घटना में अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि धमाका एक खड़ी कार के अंदर हुआ।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) समेत सभी एजेंसियां स्थिति का जायजा ले रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ व्यक्तियों की मौत हुई है, कुछ लोग घायल हुए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है।’’
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज धमाका हुआ, जिसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए और कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह धमाका उस समय हुआ जब इलाके में काफी भीड़ थी। घायलों को पास स्थित लोकनायक अस्पताल ले जाया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।