देश

Delhi Red Fort Blast: 'क्या ये आतंकवादी हमला था?', अमित शाह ने कार धमाके के सवाल पर क्या दिया जवाब?

Delhi Red Fort Blast: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा हम सभी पहलुओं को खुला रख रहे हैं और सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह कहना बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक विस्फोट स्थल से बरामद नमूनों का FSL और NSG द्वारा विश्लेषण नहीं किया जाता, तब तक इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, हम किसी भी एंगल को बंद नहीं मानते हैं। हम दृढ़ता के साथ सभी एंगल की जांच करेंगे।"​​​

Image

दिल्ली कार धमाके पर अमित शाह ने दी अहम जानकारी।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके ने देश को झंकझोर कर रख दिया है। इस कार धमाके में आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 24 से ज्यादा लोगों घायल हैं। घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने घटना का जायजा लिया। अमित शाह ने पहले एलएनजेपी अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद वो घटनास्थल पहुंचे।

घटनास्थल पर जाने से पहले अमित शाह ने मीडिया से बातचीत की। जब उनसे सवाल पूछा गया कि क्या यह आतंकवादी हमला था? इस पर अमित शाह ने कहा, "हम सभी पहलुओं को खुला रख रहे हैं और सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह कहना बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक विस्फोट स्थल से बरामद नमूनों का FSL और NSG द्वारा विश्लेषण नहीं किया जाता, तब तक इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, हम किसी भी एंगल को बंद नहीं मानते हैं। हम दृढ़ता के साथ सभी एंगल की जांच करेंगे।"

धमाके में कुछ राहगीर भी हुए घायल

अमित शाह ने आगे बताया, “आज शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक ह्यूंदै i20 कार में धमाका हुआ। इस धमाके में कुछ राहगीर घायल हुए हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है. प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कुछ लोगों की जान भी गई है।"

उन्होंने आगे कहा कि धमाके की जानकारी मिलते ही, “10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के आदेश दिए गए हैं।”

अमित शाह ने बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच के प्रमुख से बात की है। गृह मंत्री शाह ने दिल्ली पुलिस प्रमुख और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक से बात करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एनएसजी, एनआईए और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे विस्फोट स्थल पर विशेषज्ञ दल भेजकर जांच में मदद करें और साक्ष्य जुटाएं।

कई गाड़ियां जलकर खाक

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में व्यस्त समय में हुए विस्फोट के कारण आसपास मौजूद कई वाहन जलकर खाक हो गए, जबकि कई गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उन्होंने बताया कि विस्फोट में घायल लोगों को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?

दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि जिस कार में विस्फोट हुआ, उसमें कुछ लोग सवार थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, “विस्फोट एक चलती हुंडई आई20 कार में हुआ, जिसमें तीन लोग सवार थे। हमें घायलों के शरीर में कोई छर्रा या पंचर नहीं मिला है, जो बम विस्फोट में असामान्य है। हम सभी कोण से जांच कर रहे हैं।”

किसके नाम पर थी कार रजिस्टर?

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार सलमान नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत थी और उस पर हरियाणा की नंबर प्लेट लगी हुई थी।

अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहर की सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

चांदनी चौक व्यापारी संघ की ओर से साझा किए गए वीडियो में विस्फोट का भयावह मंजर देखा जा सकता है। इस वीडियो में एक क्षत-विक्षत शव एक वाहन पर पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य वीडियो में सड़क पर एक शव पड़ा हुआ नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट स्थल के आसपास शवों के अंग बिखरे हुए दिखाई दे रहे थे।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और विस्फोट के कारण लगी आग पर देर शाम 7:29 बजे तक काबू पा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या-क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई मीटर दूर खड़े वाहनों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज आईटीओ तक भी सुनी गई। घटना में घायल एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट संभवत: एक कार में हुआ।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “मैं गुरुद्वारे में था, तभी मैंने एक तेज आवाज सुनी। हम हक्के-बक्के रह गए। कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए थे।” चांदनी चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा कि विस्फोट के मद्देनजर चांदनी चौक बाजार मंगलवार को बंद रहेगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article