Delhi NCR North IndiaI IMD Weathe Update: दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में कंपकंपाने वाली सर्दी एवं कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार-पांच दिनों में मौसम में बदलाव ज्यादा देखने को नहीं मिलेगा। यानी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और सर्द हवाएं चलेंगी। आईएमडी का कहना है कि 15 जनवरी के करीब पूर्वोत्तर मानसून की समाप्ति के अनुकूल मौसम दशाएं बन रही हैं। अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। यूपी के इलाकों में भी घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। राजधानी में सर्द हवाओं को चलना जारी है। सर्द हवाओं एवं घने कोहरे की वजह से तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। कोहरे का असर रेल सेवा एवं हवाई सेवा पर पड़ा है। दृश्यता कम होने से करीब 20 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
गुरुवार को दिन में खिली धूप
दिल्ली में गुरुवार का मौसम पहले के अपेक्षा गर्म रहा और दिन में हल्की धूप खिली। धूप खिलनेसे तापमान में वृद्धि हुई। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी नहीं हुई इसकी वजह से उत्तर भारत के तापमान में अभी कोई ज्यादा परिवर्तन नहीं दिखेगा। हालांकि, पहाड़ों पर जमी बर्फ के पिघलने पर सर्द हवाएं परेशान कर सकती हैं। सुबह और शाम सर्दी का ज्यादा प्रकोप रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी न होने की वजह से इस बार सर्दियों का सीजन लंबा खिंचने की संभावना नहीं है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में गुरुवार की सुबह काफी ठंड रही और कोहरा छाया रहा और इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों और हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे आसपास के इलाकों में ‘घने कोहरे’ का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कोहरे की वजह ट्रेन यातायात प्रभावित
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे से कम दृश्यता के कारण दिल्ली आने वाली 24 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला ने सुबह 5:30 बजे दृश्यता का स्तर 100 मीटर दर्ज किया हालांकि, सतही हवाओं के कारण सुबह सात बजे तक यह सुधरकर 500 मीटर पहुंच गया।
‘बहुत घना कोहरा’: दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच
मौसम कार्यालय के अनुसार, ‘बहुत घना कोहरा’ तब होता है जब दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच होती है, 51 से 200 मीटर के बीच घना, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम जबकि 501 से 1,000 मीटर के बीच दृश्यता होने पर हल्का कोहरा होता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 337 था।
इन राज्यों में सुबह छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा में 11-15 जनवरी, जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 11 और 12 जनवरी को सुबह कोहरा छाया रहेगा।
