एयर इंडिया विमान में आई तकनीकी दिक्कत (PTI)
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और संसद की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार रात दावा किया कि उन्हें और कई अन्य सांसदों को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली ले जा रहा एयर इंडिया का विमान भयावह त्रासदी के बेहद करीब पहुंच गया था। वहीं, एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI2455 को रविवार शाम तकनीकी खराबी के कारण चेन्नई डायवर्ट कर दिया गया। वेणुगोपाल ने एक्स पर कहा, त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI2455, जिसमें मैं, कई सांसद और सैकड़ों यात्री सवार थे आज भयावह त्रासदी के बेहद करीब पहुंच गई।
उन्होंने कहा, देरी से शुरू हुई उड़ान एक कष्टदायक यात्रा में बदल गई। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हमें अभूतपूर्व दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे बाद कैप्टन ने उड़ान सिग्नल में खराबी की घोषणा की और विमान को चेन्नई की ओर मोड़ दिया। लगभग दो घंटे तक हम उतरने की मंजूरी का इंतजार करते हुए हवाई अड्डे के चक्कर लगाते रहे, जब तक कि हमारी पहली कोशिश के दौरान एक दिल दहलाने वाला पल नहीं आ गया- बताया गया कि उसी रनवे पर एक और विमान था। उस क्षण, कैप्टन के तुरंत रुकने के फैसले ने विमान में सवार सभी लोगों की जान बचा ली। दूसरे प्रयास में विमान सुरक्षित उतर गया।
कांग्रेस नेता ने लिखा, हम कौशल और भाग्य से बच गए। यात्रियों की सुरक्षा भाग्य पर निर्भर नहीं हो सकती। मैं @DGCAIndia और @MoCA_GoI से आग्रह करता हूँ कि इस घटना की तत्काल जांच करें, जवाबदेही तय करें और सुनिश्चित करें कि ऐसी चूक फिर कभी न हो।
वहीं, वेणुगोपाल को एक्स पर जवाब देते हुए एयर इंडिया ने कहा, हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि चेन्नई की ओर मोड़ना एक संदिग्ध तकनीकी समस्या और खराब मौसम की स्थिति के कारण एहतियाती था। एयर इंडिया ने दावा किया, चेन्नई हवाई अड्डे पर पहली बार उतरने के प्रयास के दौरान चेन्नई एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) द्वारा गो-अराउंड का निर्देश दिया गया था, न कि रनवे पर किसी अन्य विमान की मौजूदगी के कारण...हमारे पायलट ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अच्छी तरह प्रशिक्षित हैं, और इस मामले में, उन्होंने पूरी उड़ान के दौरान मानक प्रक्रियाओं का पालन किया। एयरलाइन ने आगे कहा, हम समझते हैं कि ऐसा अनुभव परेशान करने वाला हो सकता है और इस मोड़ से आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हालांकि, सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरबस A320 विमान से संचालित उड़ान AI2455 दो घंटे से अधिक समय तक हवा में रही। एयरलाइन ने पहले एक बयान में कहा, 10 अगस्त को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही AI2455 उड़ान के चालक दल ने संदिग्ध तकनीकी समस्या और रास्ते में खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन चेन्नई की ओर रुख किया। एयर इंडिया ने कहा कि उड़ान चेन्नई में सुरक्षित उतर गई, जहां विमान की आवश्यक जांच की जाएगी।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और उन्हें हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण उपलब्ध नहीं था। Flightradar24.com की जानकारी के अनुसार, विमान ने रात 8 बजे के बाद तिरुवनंतपुरम से उड़ान भरी और रात लगभग 10.35 बजे चेन्नई पहुंचा। हाल के हफ़्तों में एयर इंडिया के कुछ विमानों में तकनीकी खराबी आने की घटनाएं सामने आई हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।