देश

Delhi Blasts Case: दिल्ली ब्लास्ट के गुनाहगारों को सजा दिलाने के लिए माधव खुराना बने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर

Delhi Blasts Case: केंद्र सरकार ने सीनियर वकील माधव खुराना को दिल्ली कार ब्लास्ट केस से जुड़े ट्रायल और दूसरे मामलों के लिए NIA स्पेशल कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की तरफ से स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया है।

Image

दिल्ली ब्लास्ट (फोटो:canva)

Delhi Blasts Case: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता माधव खुराना को 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट से संबंधित मामले में 'मुकदमे की पैरवी करने और अन्य संबंधित कार्यों' के लिए मंगलवार को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया। एक शासकीय आदेश में यह जानकारी दी गई। इस विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई थी।आदेश में कहा गया है कि खुराना को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की विशेष अदालत एवं दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष मुकदमे की पैरवी करने और अन्य न्यायिक कार्यों के लिए एनआईए की ओर से तीन साल के लिए विशेष लोक अभियोजक (SPP) नियुक्त किया गया है।

संयुक्त सचिव अरविंद खरे द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, 'राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण अधिनियम, 2008 की धारा 15 की उप-धारा (1) (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 18 की उप-धारा (8) के साथ पढ़ा जाए) में निहित शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए केंद्र सरकार वरिष्ठ अधिवक्ता माधव खुराना को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करती है, ताकि वह एनआईए मामले में एनआईए विशेष अदालत तथा दिल्ली उच्च न्यायालय में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की ओर से मुकदमे की पैरवी और अन्य संबंधित कार्यों का संचालन कर सकें।'

अब तक सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है

आदेश में कहा गया है, 'यह नियुक्ति इस अधिसूचना के प्रकाशन की तिथि से तीन वर्ष की अवधि तक या उक्त मामले के मुकदमे के पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।' एनआईए ने लाल किले के पास हुए विस्फोट के मामले में अब तक सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी ने हुंदै आई20 कार के अंदर एक आईईडी का उपयोग करके खुद को उड़ा लिया था।यह मामला उस 'सफेदपोश' आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़ा है, जिसका पर्दाफाश जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किया था।

इस मामले में अब तक 73 गवाहों के बयान दर्ज

उमर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले का निवासी था और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय के सामान्य चिकित्सा विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत था।एनआईए ने उमर के एक अन्य वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की जा रही है। एजेंसी इस मामले में अब तक 73 गवाहों के बयान दर्ज कर चुकी है, जिनमें विस्फोट में घायल लोग भी शामिल हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article