देश

'आसिम मुनीर का बयान कुछ और नहीं, PAK की नाकामी है', पाकिस्तानी सेना प्रमुख पर राजनाथ ने कसा तंज

रक्षा मंत्री ने कहा कि एक देश ने कठिन परिश्रम किया, अपनी मजबूत नीतियां बनाईं और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी अर्थव्यवस्था फेरारी जैसी बनाई तो दूसरी ओर एक देश अभी भी डंपर की हालत में है तो यह उनकी खुद की नाकामी है। मैं आसिम मुनीर के बयान को उनके कबूलनामे के तौर पर देखता हूं।'

Image

पाकिस्तानी सेना प्रमुख पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का तंज। तस्वीर-AP/PTI

Photo : PTI

Rajnath Singh: भारत-पाकिस्तान की तुलना 'चमकती मर्सिडीज' और 'बजरी वाले ट्रक' से करने वाले पाकिस्तान के सेना प्रमुख एवं फील्ड मार्शल आसिम मुनीर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को तंज कसा। रक्षा मंत्री ने कहा कि मुनीर का यह बयान और कुछ नहीं बल्कि पाकिस्तान की नाकामी का खुले तौर पर कबूलनामा है। इकोनॉमिक टाइम्स समिट में राजनाथ ने कहा कि 'सभी लोगों ने कहा कि यदि दो देश एक ही समय में आजाद हुए। एक देश ने कठिन परिश्रम किया, अपनी मजबूत नीतियां बनाईं और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी अर्थव्यवस्था फेरारी जैसी बनाई तो दूसरी ओर एक देश अभी भी डंपर की हालत में है तो यह उनकी खुद की नाकामी है। मैं आसिम मुनीर के बयान को उनके कबूलनामे के तौर पर देखता हूं।'

भारत एक चमचमाती मर्सिडीज है-मुनीर

रक्षा मंत्री का यह बयान मुनीर की इस महीने की शुरुआत में की गई टिप्पणी के जवाब में आई। मुनीर ने फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के बीच तुलना की। उन्होंने कहा, 'भारत एक चमचमाती मर्सिडीज है जो हाईवे पर फरारी की तरह दौड़ रही है, लेकिन हम बजरी से भरा डंप ट्रक हैं। अगर ट्रक कार से टकराएगा, तो हार किसकी होगी?' उनकी इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग हुई। सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि सेना प्रमुख ने खुद के देश की दुनिया के सामने एक गलत तस्वीर पेश की।

'...तो हम आधी दुनिया को अपने साथ डुबो देंगे'

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि मुनीर की उपमा पाकिस्तान की मानसिकता की गहरी समस्या को दर्शाती है। राजनाथ सिंह ने कहा, 'पाकिस्तान सेना प्रमुख ने जानबूझकर या अनजाने में एक लुटेरे की मानसिकता की ओर इशारा किया है, जिसका शिकार पाकिस्तान अपनी पैदाइश से ही रहा है, हमें पाकिस्तानी सेना के इस भ्रम को तोड़ना होगा।' मुनीर ने पिछले महीने भारत को लेकर कई विवादित बयान दिए हैं, जिनमें उसी अमेरिकी दौरे के दौरान परमाणु हमले की धमकी देना भी शामिल है। टैम्पा में व्यापारी और मानद कौंसल अदनान असद द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुनीर ने कहा, 'हम एक परमाणु राष्ट्र हैं। अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ डुबो देंगे।'

भारत ने कहा-मुनीर की धमकी, वैश्विक सुरक्षा को खतरा

भारत ने पाकिस्तान और मुनीर पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 'परमाणु हथियारों की धमकी देना' पाकिस्तान की 'आदत' है और यह 'न्यूक्लियर कमांड और कंट्रोल की अखंडता पर गंभीर संदेह' पैदा करता है। खासकर ऐसे देश में जहां सेना आतंकवादी संगठनों से मिलीभगत में है। सरकार ने कहा कि मुनीर की टिप्पणियां एक मित्रवत तीसरे देश की जमीन से की गईं, जिन्हें 'बेहद गैर-जिम्मेदाराना' और 'क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा के लिए वास्तविक खतरा' बताया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें