Dead cockroach in sambar Hyatt Ahmedabad: अहमदाबाद शहर के एक पांच सितारा होटल में बुधवार सुबह मेहमानों को परोसे गए सांभर में कथित तौर पर एक मरा हुआ कॉकरोच (Dead cockroach in sambar) मिला जिसके बाद स्थानीय नगर निकाय ने इसके किचेन को 48 घंटे के लिए सील कर दिया अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद नगर निगम के खाद्य विभाग के अधिकारी भाविन जोशी ने कहा कि वस्त्रपुर क्षेत्र स्थित होटल 'हयात अहमदाबाद' में आयोजित एक समारोह के दौरान एक अतिथि को परोसे गए सांभर में कॉकरोच मिला जिसने इसका वीडियो बना लिया।
सांभर में कॉकरोच मिलने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया
उन्होंने तुरंत होटल प्रबंधन को सूचित किया और इस का वीडियो रिकॉर्ड किया। एएमसी के खाद्य विभाग के नामित अधिकारी भाविन जोशी ने पुष्टि की कि शिकायत एएमसी के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से दर्ज की गई थी।
किचेन को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया
उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर 'हमारे पोर्टल पर औपचारिक शिकायत की।' अधिकारी ने कहा कि पड़ताल के बाद होटल के रसोई को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया। एएमसी के बंद वाले नोटिस में कहा है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए यह क्षेत्र 48 घंटे तक बंद रहेगा। शिकायत के बाद एएमसी अधिकारियों ने होटल के 'भारतीय रसोई' खंड का निरीक्षण किया और पाया कि वह अस्वास्थ्यकर स्थिति में है।
