देश

LPG किल्लत: कहीं गैस सिलेंडरों की चोरी, तो कहीं लंबी कतारें...सड़क से संसद तक संग्राम

ईरान-इजराइल युद्ध की आंच भारत तक पहुंच गई है और इसका असर साफ दिख रहा है। गैस सिलेंडरों के लिए कई जगहों पर मारामारी दिख रही है। कहीं सिलेंडर चोरी हो रहे हैं, तो कहीं गैस भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। इसकी गूंज संसद में भी सुनाई पड़ रही है। जानिए कैसे हैं हालात...

Image

देश में LPG की किल्लत पर संग्राम

LGP Crisis News: ईरान युद्ध के बाद देश में LPG की किल्लत नजर आने लगी है। युद्ध की आंच भारत तक पहुंच गई है और इसका असर साफ दिख रहा है। गैस सिलेंडरों के लिए कई जगहों पर मारामारी दिख रही है। कहीं सिलेंडर चोरी हो रहे हैं, तो कहीं गैस भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। विपक्ष भी इस मौके को भुनाने का मौका नहीं छोड़ रहा और संसद परिसर में प्रदर्शन कर रहा है। गैस किल्लत पर क्या हालात दिख रहे हैं, आइए जानते हैं।

झांसी में गैस डिपो के बाहर से सिलेंडर चोरी

झांसी में गैस डिपो के बाहर से चोरी 524 भरे LPG गैस सिलेडर बरामद हुए हैं। चोर एक डिपो के बाहर खड़ा सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने खाली ट्रक बरामद किया था। जांच में सामने आया कि झांसी की एक गैस एजेंसी पर 13 लाख में ये सिलिंडर बेचे गए थे। इस मामले में पुलिस ने गैस एजेंसी मालिक सहित 7 आरोपी गिरफ्तार किए हैं।

लखनऊ में गैस गोदाम के बाहर लंबी लाइन

लखनऊ में गैस एजेंसी और गोदाम के बाहर आज भी लंबी कतार दिखाई दे रही है। क्या सच में एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं या फिर लोग डर की वजह से सिलेंडर एडवांस में लेकर घर में रखना चाहते हैं? लखनऊ में एक ऐसे ही एलपीजी सिलेंडर के गोदाम के बाहर लंबी कतार दिखाई दी। लोगों कहना है कि गैस खत्म होने के बाद जब सिलेंडर घर नहीं पहुंचा, तब सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे हैं। ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं उसके बावजूद सिलेंडर घर नहीं आ रहा है। कुछ लोग कहना है कि DSA नंबर भी नहीं मिलता इसलिए दिक्कत हो रही है। कुछ लोग यह भी कह रहे हैं की डर भी है कि खत्म हो जाएगा तो नहीं मिलेगा, इसलिए भी सिलेंडर भरवा कर रख लेना चाहते हैं। भोपाल में भी एक गैस एजेंसी पर ऐसा ही नजारा दिखा। यहां सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतार नजर आई। लोगों के मन में डर है कि कहीं आगे चलकर गैस मिलने में दिक्कत ना शुरू हो जाए।

कोलकाता में LPG की किल्लत

कोलकाता के अलग अलग हिस्सों में LPG की किल्लत सामने आ रही हैं। खासतौर पर शहर के ज्यादातर ऑटो रूट अब प्रभावित हो रहे हैं क्यूंकि उनको LPG (AutoGas) नहीं मिल पा रहा है। दक्षिण कोलकाता के तारातला में ऑटो की कतार लगभग 1.5 किमी लंबी दिखी। कुछ लोग कल रात से कतार में खड़े रहे, तो कुछ लोग आज सुबह से। हर कोई LPG रीफिलिंग के लिए घंटों तक कतार में खड़ा रहा।

ऑटो ड्राइवर्स का कहना है कि कल एलपीजी ज्यादातर गैस स्टेशन पर नहीं मिल रहा था। आज फिर भी कुछ जगहों पर मिल रहा हैं लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। साथ ही, आज एक और समस्या सामने आई हैं। आज प्रति लीटर LPG की कीमत 5 रुपये बढ़ी है और कोलकाता में आज LPG (AutoGas) 5 रुपये बढ़कर 62 रुपये हो गया है। इससे ऑटो ड्राइवर्स को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

संसद में भी विरोध प्रदर्शन

उधर, गैस किल्लत मामले की गूंज संसद तक भी पहुंच गई। सदन में तो इस पर सवाल उठाया ही गया। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में एलपीजी गैस किल्लत को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी भारत भर में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं में शामिल हुईं।

एमपी सरकार ने तीन सदस्यीय समिति गठित की

मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और दो मंत्रियों सहित तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। इस समिति का उद्देश्य मौजूदा संकट के बीच पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के निवासियों की सहायता करना और गैस एवं तेल आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखना है। इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच राज्य में गैस और तेल का पर्याप्त भंडार है तथा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए राज्य सरकार तीन सदस्यीय समिति गठित करेगी। सीएम यादव ने एक बयान में कहा कि खाद्यान्न, गैस या तेल की आपूर्ति को लेकर किसी को भी घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों को राज्य में सर्वोत्तम प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और उसके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश समेत देश में कहीं भी आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या नहीं आ रही।

रायबरेली में इंडेक्सन की बिक्री बढ़ी

उधर, रायबरेली में गैस सिलेंडर न मिलने की अफवाहों के बीच इंडेक्सन की बिक्री बढ़ गई है। इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों में इंडेक्सन की डिमांड बढ़ी है। आम दिनों में दुकानों से एक या दो इंडेक्सन की बिक्री होती थी। बीते तीन दिनों में रोजाना 8 से 10 इंडेक्सन की बिक्री हो रही है। जिला प्रशासन का दावा है कि रायबरेली में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वही कस्टमरों का कहना है कि गैस न मिलने की वजह इंडेक्सन से ले रहे हैं। सुबह से ही इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों में कस्टमरों की भीड़ दिख रही है।

नोएडा में भी एलपीजी किल्लत

वहीं, नोएडा में भी आज सुबह से एलपीजी गैस एजेंसियों पर लंबी लाइन है देखी जा रही है। नोएडा के सेक्टर 54 और सेक्टर 63 स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन दिखी। गैस सिलेंडर की चाहत में उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगे हुए हैं। कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो कल भी आए थे लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया था। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी कमर्शियल सिलेंडर की है। कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हो रही है। कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक न के बराबर है जिस वजह से होटल रेस्टोरेंट में सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं जिसकी वजह से कई होटल बंद भी है।

दिल्ली HC के लॉयर्स कैंटीन में भी किल्लत

दिल्ली HC के लॉयर्स कैंटीन में LPG सिलेंडर की किल्लत हो गई है। कैंटीन मैनेजर ने हाईकोर्ट सेक्रेटरी को पत्र लिखकर सूचित किया कि मेनकोर्स भोजन नहीं परोसा जा सकेगा। हालांकि इस दौरान सैंडविच फ्रूट चाट, सलाद सर्व किया जा सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article