देश

दिल्ली समेत कई राज्यों में दिखेगा Cyclone Mocha का असर, जानें कहां-कहां बारिश के साथ आएगा तूफान

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 7, 2023, 07:18 AM IST

Cyclone Mocha: मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के तटीय और सीमावर्ती इलाकों में आठ से 11 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। यहां सात मई से 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे तक भी हो सकती हैं।

Image

चक्रवाती तूफान मोचा दिखाएगा असर

Photo : BCCL

Cyclone Mocha: बंगाल की खाड़ी के आसपास उठ रहे चक्रवाती तूफान मोचा का असर धीरे-धीरे दिखना शुरू हो गया है। दिल्ली समेत कई राज्यों का मौसम तेजी से बदल रहा है और यहां एक बार फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD)की ओर से मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती मोचा धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और इसके असर से कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला बढ़ेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मोचा अपना सबसे ज्यादा असर दिखाएगा। इस कारण आस-पास के इलाकों में बारिशीय गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने तूफान से प्रभावित इलाकों के लिए अलर्ट भी जारी किया है।

8 से 11 मई तक भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के तटीय और सीमावर्ती इलाकों में आठ से 11 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। यहां लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इसके अलावा 10 मई को अंडमान और निकोबाद द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं चक्रवाती तूफान का असर ओडिशा के कई राज्यों में देखने को मिलेगा यहां तेज हवा और बारिश के कारण पहले से अलर्ट घोषित किया जा चुका है।

हवाएं बढ़ाएंगी मुसीबत

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हवाओं की गति काफी तेज होगी। यहां सात मई से 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे तक भी हो सकती हैं।

दिल्ली-यूपी में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग ने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी 7 मई को बादल छाए रहने के आसार हैं, जिस कारण बूंदबांदी भी हो सकती है। हालांकि, अगले सप्ताह से धीरे-धीरे बादल साफ होगा, जिस कारण तापमान में भी बढ़ना शुरू होगा। दिल्ली में रविवार का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो राजधानी लखनऊ में आज हल्के बादल छाए रहेंगे। हालांकि, यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के कारण पारा धीरे-धीरे ऊपर बढ़ना शुरू होगा।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, दक्षिणी कर्नाटक,सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article