दिखने लगा दितवाह का असर (PTI)
Cyclone Ditwah Alert: समुद्री तूफान दितवाह लगातार आगे बढ़ रहा है और इसका असर दक्षिण भारत में दिखना शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर की ओर बढ़ते हुए साइक्लोनिक तूफान आज यानी 30 नवंबर की सुबह और शाम तक तमिलनाडु-पुडुचेरी कोस्टलाइन से कम से कम 50 km और 25 km की दूरी पर बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर केंद्रित होगा। इसे लेकर राज्य सरकार और एनडीआरएफ, एसडीआरफ ने पूरी तैयारियां की हैं। तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए, एफडब्ल्यूआर और सीएसएसआर संसाधनों से लैस 6 बटालियन एनडीआरएफ की 5 टीमों को तमिलनाडु में तैनाती के लिए गुजरात के वडोदरा से चेन्नई हवाई मार्ग से लाया गया है।
तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह के आने के मद्देनजर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को रेल सेवाओं और यात्री सुरक्षा में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। चक्रवात से प्रभावित होने वाले तटीय क्षेत्र मुख्यतः दक्षिणी रेलवे क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, यात्रा रद्द होने या मार्ग बदलने के कारण अनिश्चितताओं का सामना कर रहे यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन और यात्री सहायता डेस्क का एक समर्पित नेटवर्क स्थापित किया जाना चाहिए।
इसमें आगे कहा गया है कि वैष्णव ने जन सुरक्षा के लिए भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि स्थिति की निगरानी और किसी भी विषम परिस्थिति के लिए सतर्क रहने हेतु मंडल, क्षेत्रीय और रेलवे बोर्ड स्तर पर वॉर रूम सक्रिय किए जाएं। बयान में कहा गया है, उन्होंने रेलवे अधिकारियों से नागरिक-प्रशासन अधिकारियों के साथ समन्वय करने और सामान्य स्थिति बहाल होने तक यात्रियों के साथ सक्रिय रूप से संवाद करने को भी कहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, क्योंकि चक्रवात दितवाह (Ditwah) तटीय क्षेत्रों के करीब आ रहा है। IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है, और कुछ विशेष स्थानों पर अति भारी बारिश की संभावना जताई है, जिनमें कड्डलोर, नागपट्टिनम, मयिलाडुतुरै, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टु जिलों और पुडुचेरी-कारईकाल क्षेत्र शामिल हैं। तटीय क्षेत्रों में पहले ही तेज हवाएं और बारिश का असर दिख रहा है। तमिलनाडु के तूतुकुड़ी जिले में भारी बारिश के कारण शहर और उपनगरीय क्षेत्रों का अतिरिक्त जल पोर्ट ट्रस्ट के तटीय क्षेत्र में बहकर समुद्र में मिला। वहां समुद्र में असामान्य रूप से उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है।
वहीं, अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि चक्रवात दितवाह के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ में श्रीलंका में कम से कम 153 लोग मारे गए हैं, 191 अन्य लापता हैं और देश भर में पांच लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, 78,000 से ज्यादा लोगों को लगभग 800 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है, जिनमें से ज़्यादातर स्कूलों में स्थापित किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।