देश

Cyclone Biporjoy Impact: साइक्लोन बिपरजॉय का कहर! दर्जनों ट्रेनें रद्द, अंधेरे में डूबे सैकडों गांव; गुजरात से लेकर दिल्ली तक असर

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 16, 2023, 06:48 PM IST

Cyclone Biporjoy Impact: साइक्लोन बिपरजॉय का सबसे ज्यादा असर गुजरात में देखने को मिला है। बिपारजॉय के कारण तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने से गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र के इलाकों में भारी तबाही हुई है।

Image

गुजरात से लेकर दिल्ली तक दिखा बिपरजॉय का कहर

Photo : PTI

Cyclone Biporjoy Impact: साइक्लोन बिपरजॉय का असर गुजरात से लेकर दिल्ली तक देखने को मिल रहा है। गुजरात में जहां बिपरजॉय ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। वहीं राजस्थान में तेज और दिल्ली में हल्की बारिश देखने को मिली है। मुंबई में भी इसका असर देखने को मिला है।

गुजरात में तबाही

साइक्लोन बिपरजॉय का सबसे ज्यादा असर गुजरात में देखने को मिला है। बिपारजॉय के कारण तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने से गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र के इलाकों में भारी तबाही हुई है। तूफान से बिजली के 5,120 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और 4,600 गावों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 3,580 गावों में बिजली की आपूर्ति बहाल हो गई है वहीं 1,000 से अधिक गांवों में अब भी बिजली नहीं है। उन्होंने बताया कि कम से कम 600 पेड़ उखड़ गए हैं और राज्य के तीन राजमार्गों में टूट-फूट तथा पेड़ गिरने से यातायात बंद हो गया है। चक्रवाती तूफान से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 23 लोग घायल हो गए हैं, कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा

बिपरजॉय के कारण 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश से बड़ी संख्या में पेड़ तथा बिजली के खंभे उखड़ गए और समुद्र का पानी निचले इलाके के गांवों में भर गया। टूट फूट और पेड़ गिरने के करण तीन राज्य राजमार्गों को बंद कर दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार कुल 581 पेड़ उखड़ गए हैं। नौ पक्के और 20 कच्चे घर टूट गए हैं, वहीं दो पक्के और 474 कच्चे घरों को आंशिक नुकसान हुआ है।

राजस्थान में बिपरजॉय का असर

चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय'का असर राजस्‍थान के कुछ इलाकों में भी देखने को मिला जहां जालोर और बाड़मेर जिले में कई जगह भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्‍पतिवार रात कुछ स्थानों पर 60-70 मिलीमीटर बारिश हुई है और आज भी इन दोनों जिलों और इनके आसपास के इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। अधिकारी ने बताया कि जालोर में आज सुबह तक 69 मिमी बारिश हो चुकी है और बारिश जारी है। विभाग ने चक्रवात की तीव्रता को देखते हुए 16 जून को बाड़मेर व जालोर जिले के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसी के साथ जैसलमेर, जोधपुर, पाली, व सिरोही के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। वही बीकानेर, राजसमंद, उदयपुर और डूंगरपुर जिले के कुछ हिस्सों मे भी मूसलाधार बारिश की हो सकती है।

बिपरजॉय के कारण ट्रेनें रद्द

राजस्थान में ‘बिपारजॉय’ चक्रवात तूफान के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित रेल यातायात प्रभावित हुआ है और रेलवे प्रशासन ने संरक्षा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 14 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया है। एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार अरब सागर में ‘बिपारजॉय’ चक्रवात तूफान के मद्देनजर रेल सेवाओं को रद्द किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने शुक्रवार को बताया कि ‘बिपारजॉय’ तूफान की वजह से उत्तर पश्चिम रेलवे पर संचालित गांधीधाम-अमृतसर एक्सप्रेस,अमृतसर-गांधीधाम एक्सप्रेस, जोधपुर-भीलड़ी एक्सप्रेस, वलसाड-भीलड़ी एक्सप्रेस, जोधपुर-पालनपुर एक्सप्रेस, बाडमेर-मुनाबाव एक्सप्रेस, मुनाबाव-बाडमेर एक्सप्रेस सहित कुल 13 रेल गाडियों को शनिवार के लिये रद्द किया गया है। चक्रवात के कारण अब तक 99 ट्रेन रद्द की गई हैं, 39 ट्रेन को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा, जबकि 38 ट्रेन को उनके तय स्टेशन के बजाय दूसरे स्टेशन से चलाया जाएगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article