देश

Cyclone Biparjoy: चक्रवात बिपरजॉय के बारे में IMD का बड़ा खुलासा, जानकर रह जाएंगे दंग

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 26, 2023, 10:02 PM IST

चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) 1977 के बाद से उत्तरी हिंद महासागर में सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहने वाला चक्रवाती तूफान था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह खुलासा किया।

Image

Cyclone Biparjoy: आईएमडी ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली: जून की शुरुआत में गुजरात में तबाही मचाने वाला चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) 1977 के बाद से उत्तरी हिंद महासागर में सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहने वाला चक्रवाती तूफान था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस साल अरब सागर में आया पहला चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 6 जून को दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर बना और 15 जून को सौराष्ट्र तथा कच्छ पर उसने दस्तक दी थी। इसके बाद 18 जून को यह कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर कमजोर पड़ गया था।

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय कुल 13 दिन और तीन घंटे तक रहा एक्टिव

आईएमडी ने बिपारजॉय पर एक रिपोर्ट में कहा कि अरब सागर पर चक्रवाती तूफान कुल 13 दिन और तीन घंटे तक सक्रिय रहा, जो भीषण चक्रवाती तूफानों के छह दिन तथा तीन घंटे के औसत जीवन काल से दोगुने से अधिक है। उत्तरी हिंद महासागर पर सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहा तूफान 1977 में आठ से 23 नंवबर के बीच आया था। वह 14 दिन और छह घंटे तक सक्रिय रहा था।

चक्रवाती तूफान ‘क्यार’ अक्टूबर 2019 में 9 दिन 15 घंटे तक रहा था एक्टिव

हाल के वर्षों में अरब सागर पर अत्यधिक भीषण चक्रवाती तूफान ‘क्यार’ (अक्टूबर 2019) नौ दिन तथा 15 घंटे तक सक्रिय रहा था जबकि बंगाल की खाड़ी पर बेहद भीषण चक्रवात गाजा (नवंबर 2018) नौ दिन तथा 15 घंटे तक सक्रिय रहा था।

तूफान बिपरजॉय ने 2525 किलोमीटर के रास्ते में 9 बार बदली अपनी राह

बिपारजॉय ने 2,525 किलोमीटर के रास्ते में नौ बार अपनी राह बदली थी जिससे मौसम विज्ञानियों के लिए चक्रवात की राह का अनुमान लगाना मुश्किल हो गया। यह 11 जून को अत्यधिक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया था लेकिन चार दिन बाद ही कमजोर पड़ गया था।

End of Article