देश

जानवरों से क्रूरता: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चर को पिलाया सिगरेट, वीडियो हुआ वायरल, मालिक गिरफ्तार

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 25, 2023, 07:32 PM IST

Kedarnath Yatra: केदारनाथ यात्रा शुरू हो गई। इस यात्रा में दुर्गम रास्ते पर श्रद्धालुओं ले जाने के लिए खच्चर का इस्तेमाल किया जाता है। खच्चर से अधिक काम कराने के चक्कर में खच्चर मालिक उसे नशा कराता है। इसी क्रम में खच्चर का मुंह और एक नथुना पकड़ कर उसे सिगरेट पिलाया।

Image

केदारनाथ यात्रा के रूट पर खच्चर को पिलाया सिगरेट (प्रतीकात्मक तस्वीर- BCCL)

Kedarnath Yatra: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दो युवकों द्वारा एक खच्चर को सिगरेट पिलाये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है जिसे देखकर लोग सकते में हैं। पुलिस ने कहा कि इस मामले में एक खच्चर के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। यह सिगरेट संभवत: गांजा से भरी हुई है जिसका धुआं बेजुबान जानवर को पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

खच्चर को जबरदस्ती सिगरेट पिलाने का प्रयास

वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक ने कस कर खच्चर का मुंह और एक नथुना पकड़ा हुआ है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसके दूसरे नथुने से उसे जबरदस्ती सिगरेट पिलाने का प्रयास कर रहा है। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने खच्चर और घोड़ों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने वाले उनके संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

अधिक काम कराने के लिए नशे का इस्तेमाल

लोगों का मानना है कि ऐसा जानवर को नशे में करने के लिए किया जा रहा है ताकि उससे और अधिक काम लिया जा सके। हिमालय स्थित केदारनाथ धाम तक जाने वाले पैदल रास्ते में श्रद्धालुओं और उनके सामान को ढोने के लिए घोड़े और खच्चरों का इस्तेमाल किया जाता है।

छोटी लिंचोली के पास की घटना

सोनप्रयाग पुलिस थाने के निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि वीडियो का परीक्षण करने पर रूद्रप्रयाग की जिला पुलिस ने पाया कि यह घटना हाल ही में 16 किलोमीटर लंबे पैदल रास्ते पर छोटी लिंचोली के पास स्थित थारू शिविर में हुई।

खच्चर मालिक के खिलाफ केस दर्ज

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में खच्चर मालिक राकेश सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि रावत के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घोड़े-खच्चरों के प्रति क्रूरता के 14 मामले दर्ज

यह पूछे जाने पर कि क्या सिगरेट में गांजा या इस प्रकार का कोई और नशीला पदार्थ भरा हुआ था, बलूनी ने कहा कि इस संबंध में जांच की जा रही है। इस वर्ष केदारनाथ यात्रा 25 अप्रैल को शुरू हुई थी और करीब दो माह की इस अवधि में पुलिस ने घोड़े-खच्चरों के प्रति क्रूरता के संबंध में 14 मामले दर्ज किए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

End of Article