Coronavirus in India: चीन में बिगड़े हालात और हिंदुस्तान में कोरोना वायरस के संभावित खतरे के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया है कि यह बीमारी अब कहीं नहीं है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इसके जरिए डर फैलाने की कोशिश कर रही है। वह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से डरी हुई है और इसे रोकने के लिए कोविड का बहाना ले रही है। बकौल खड़गे, "किसी को कुछ नहीं हुआ है। पीएम मोदी खुद मास्क नहीं लगाते हैं। ये सब लोगों के बीच डर फैलाने और इस यात्रा को रोकने के मकसद से किया जा रहा है।" सुनें, उन्होंने क्या कुछ कहा:
रोचक बात है कि खड़गे का यह दावा तब आया, जब देश में हर रोज कोरोना के नए मामले आ रहे हैं। रविवार (25 दिसंबर, 2022) को देश में कोरोना के 227 नए मामले सामने आए, जिनके बाद संक्रमण के कुल केसेज़ की संख्या बढ़कर 3,424 हो गई। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई। साल 2022 के अपने आखिरी रेडियो कार्यक्रम मन की बात में पीएम मोदी ने कहा कि यह त्यौहारों का मौसम हैं। ऐसे में सभी सावधान और सतर्क रहें, तभी सुरक्षित रहेंगे। कोरोना दुनिया के देशों में बढ़ रहा है। ऐसे में हमें वायरस से जुड़ी सावधानियां बरतनी होंगी।
वैसे, इससे पहले भी पीएम मोदी और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया कोरोना को लेकर देश को आगाह कर चुके हैं कि वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है। दुनिया के कुछ हिस्सों में (खासकर चीन में) कोविड-19 के मामलों में इजाफे के बीच 22 दिसंबर, 2022 को उच्च स्तरीय बैठक में मोदी ने लापरवाही बरतने के प्रति आगाह किया और कहा कि कोरोना महामारी खत्म नहीं हुई है, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि यह महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। ऐसे में टीका लेने के साथ सभी को सतर्क रहना चाहिए। केंद्र सरकार ने महामारी को लेकर कभी राजनीति नहीं की है।
