हालांकि, एक्सपर्ट्स ने कहा कि लोगों को हैरान-परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे सामान्यतः कोविड से जुड़े ऐहतियाती कदम उठाएं और जिन्होंने बूस्टर डोज नहीं ली है, वे जल्द से जल्द उसे ले लें। वैसे, इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को दिल्ली में एलएनजेपी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर सुरेश कुमार ने आगाह किया था कि राष्ट्रीय राजधानी में अगले कुछ हफ्तों में कोविड के केस बढ़ेंगे।
वहीं, केंद्रीय इस्पात और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी संक्रमित पाए गए। यह जानकारी उन्होंने सोमवार को ट्वीट के जरिए दी और बताया कि उनकी कोविड रिपोर्ट 'पॉजिटिव' आई है। बकौल सिंधिया, ''मैं पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए लोगों से सावधानी बरतने और अपना कोविड परीक्षण कराने का अनुरोध करता हूं।'' यही वजह रही कि केंद्रीय मंत्री 18 अप्रैल, 2023 को महाराष्ट्र के मुंबई में 'इंडिया स्टील 2023' कार्यक्रम में न पहुंच सके।
उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार (18 अप्रैल, 2023) को कहा, "हमारे लिए यह जरूरी है कि हम भय और उपेक्षा के चक्र को सामूहिक रूप से तोड़ें और महामारी की थकान को इससे निपटने की तैयारी, रोकथाम और प्रतिक्रिया के संबंध में हमारे प्रयासों को कम न करने दें।" हेल्थ मिनिस्टर ने आगे चिकित्सा उपायों के लिए औपचारिक वैश्विक समन्वय तंत्र की जरूरत को भी रेखांकित किया।
वैसे, भारत में 24 घंटे में संक्रमण के 7,633 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,48,34,859 हो गई। इस बीच, इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़कर 61,233 पर पहुंच गई। यह जानकारी मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए ताजा आंकड़ों में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से देते हुए बताया गया कि संक्रमण से दिल्ली में चार और हरियाणा, कर्नाटक व पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,31,152 हो गई। (पीटीआई, एएनआई इनपुट्स के साथ)
