इस बीच, 13 राज्यों में नए सब वेरिएंट की पहचान की गई है, जबकि 22 सूबों में XBB.1.16 सब वेरिएंट के 1,774 केस आए हैं। यही नहीं, गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र में ओमीक्रॉन के नए सब वेरिएंट की पहचान की गई है और यह ऐसे राज्य हैं, जहां पर मामले तेजी के साथ सरकार की चिंता बढ़ा रहे हैं।
वैसे, हिंदुस्तान में मंगलवार (11 अप्रैल, 2023) को जो ताजा सरकारी आंकड़े आए, उनमें बताया गया कि एक दिन में कोरोना के 5,676 नए मामले आए। इन ताजा मामलों के बाद देश में अभी तक (खबर लिखे जाने तक) संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,47,68,172 हो गई, जबकि इलाजरत मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ और वह बढ़कर 37,093 पर पहुंच गई।

covid in india data

covid in india data 2
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अपडेटेड आंकड़ों में बताया गया कि दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में तीन-तीन, कर्नाटक में दो और गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र तथा तमिलनाडु में एक-एक मरीज की मौत होने से देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,31,000 हो गई। साथ ही, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का फिर से मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में छह नाम और जोड़े हैं।
आंकड़े यह भी बताते हैं कि देश में अभी 37,093 लोगों का कोरोना का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.8 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.73 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,42,00,079 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है, जबकि भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।
चूंकि, पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना के मामलों के बढ़ने के पीछे ओमीक्रॉन के सब वेरिएंट XBB.1.16 को माना जा रहा था, पर अब और सब-वेरिएंट भी सामने आ गया है। हालांकि, कुछ दिनों पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक में कहा था कि सूबों में जिनोम सीक्वेंसिंग और मॉनिटरिंग को और तेज किया जाए, जिससे कि अगर स्थिति खराब होती है तो तैयारियां अस्पताल में पूरी हों।
