देश

'असम की 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस', गौरव गोगोई ने बताया ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने किस-किसके साथ किया गठबंधन

Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच, असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पांच अन्य पार्टियों के साथ मिलकर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

Image

असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई (फोटो साभार: @GauravGogoiAsm)

Photo : Twitter

Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा अपनी-अपनी चुनावी रणनीतियों में जुटी हुई हैं। इस बीच, कांग्रेस ने राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पांच अन्य पार्टियों के साथ मिलकर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा विरोधी वोट नहीं बटेंगे और हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी।

कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस?

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस राज्य की 126 सीटों में से 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, ''असम में छह विपक्षी पार्टियों का गठबंधन है। जिसमें कांग्रेस, असम जातीय परिषद, रायजोर दल, माकपा, सीपीआई (एमएल) और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस शामिल हैं। असम में कांग्रेस 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी... हमें उम्मीद है कि भाजपा विरोधी वोट नहीं बटेंगे और हम हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार को हटा देंगे।''

कांग्रेस ने कितने उम्मीदवारों का किया ऐलान

कांग्रेस ने शुक्रवार को सात उम्मीदवारों वाली चौथी लिस्ट जारी की, जिससे 126 सीटों वाली असम विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की कुल संख्या 94 हो गई। इस सूची में जयंत बोरा शामिल हैं, जिन्होंने 2024 में भाजपा छोड़ दी थी। साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता बिदिशा नियोग, युवा कांग्रेस नेता रोहित परिगा, प्रवक्ता जय प्रकाश दास, ज्ञानदीप मोहन, प्राण कुर्मी और राहुल रॉय भी शामिल हैं।

कांग्रेस ने रायजोर के लिए 11 सीटें छोड़ी

कांग्रेस ने गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए 11 सीटें छोड़ी हैं। इस क्षेत्रीय पार्टी और कांग्रेस के बीच गुरुवार को एक समझौता हुआ। गौरव गोगोई और रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस समझौते की घोषणा की।

असम में कब होगा चुनाव?

असम में उम्मीदवार 23 मार्च तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल, 2026 को मतदान होंगे, जबकि 4 मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article