देश

नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, अलायंस पार्टियों से चर्चा के बाद लिया फैसला

PM Modi Oath Ceremony: मल्लिकार्जुन खरगे रविवार शाम राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

Image

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi Oath Ceremony: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार शाम राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि 'इंडिया' ब्लॉक के अन्य सहयोगी दलों के साथ बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है। पीएम मोदी रविवार को शाम 7.15 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

कई देशों के प्रमुख भी होंगे शामिल

सूत्रों ने बताया कि उनके साथ मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्य भी शपथ लेंगे। समारोह में भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के कई नेता शामिल होंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफिफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे समारोह में शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने वाले विशिष्ट विदेशी मेहमानों के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज का भी आयोजन करेंगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में धारा 144 लागू

इस बीच रविवार शाम होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली यातायात पुलिस ने राष्ट्रपति भवन के आसपास की सड़कों पर मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध के संबंध में परामर्श जारी किया है। यातायात पुलिस के अनुसार, रविवार को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक संसद मार्ग (ट्रांसपोर्ट भवन और टी-पॉइंट रफी अहमद किदवई मार्ग के बीच), नॉर्थ एवेन्यू रोड, साउथ एवेन्यू रोड, कुशक रोड, राजाजी मार्ग, कृष्ण मेनन मार्ग, तालकटोरा रोड और पंडित पंत मार्ग बंद रहेंगे और केवल पैदल चलने वालों को ही आवाजाही की अनुमति होगी। परामर्श में कहा गया है कि इम्तियाज खान मार्ग, रकाब गंज रोड, रफी अहमद किदवई मार्ग, पंडित पंत मार्ग और तालकटोरा रोड पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यातायात पुलिस ने आगे कहा कि इन सड़कों पर पार्क किए गए वाहनों को टो किया जाएगा और अनुचित पार्किंग तथा कानूनी निर्देशों की अवहेलना के लिए मुकदमा चलाया जाएगा। टो किए गए वाहनों को पंडित पंत मार्ग पर गोले डाकखाना की ओर ट्रैफिक पिट में पार्क किया जाएगा। यातायात को पटेल चौक, पटेल चौक गोल चक्कर, रेल भवन, गुरुद्वारा रकाब गंज गोल चक्कर, गोल डाकखाना, आरएमएल गोल चक्कर और जीपीओ गोल चक्कर से डायवर्ट किया जाएगा। परामर्श में कहा गया है कि जो लोग आईएसबीटी/रेलवे स्टेशन/एयरपोर्ट की ओर जा रहे हैं, उन्हें पर्याप्त समय के साथ अपनी यात्रा की सावधानीपूर्वक योजना बनाने की सलाह दी जाती है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में धारा 144 लागू कर दी गई है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article